SIMDEGA: सिमडेगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लापता 18 वर्षीय युवती को ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के राजगांगपुर से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। बेटी की सकुशल वापसी से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस के प्रति आभार जताया।
1 नवंबर को दर्ज करायी गयी थी शिकायत
मिली जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर को जलडेगा थाना (बांसजोर ओपी) क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी 18 वर्षीय पुत्री के लापता होने की लिखित शिकायत पुलिस को दी थी। आवेदन के आधार पर पुलिस ने सनहा संख्या 18/26 दर्ज कर युवती की तलाश शुरू की।
विशेष टीम ने राजगांगपुर से किया बरामद
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर युवती की खोजबीन के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गयी। टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती को ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के राजगांगपुर से सकुशल बरामद कर लिया।
कानूनी प्रक्रिया के बाद परिजनों को सौंपा
आवश्यक पूछताछ एवं कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद 2 नवंबर को युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। युवती की सकुशल बरामदगी पर परिजनों ने सिमडेगा पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए वह सदैव तत्पर है तथा किसी भी व्यक्ति के लापता होने की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाती है।







