हजारीबाग। दुर्गा पूजा की रौनक के बीच एक ऐसा हत्याकांड सामने आया, जिसने रिश्तों, भरोसे और पारिवारिक विश्वास को झकझोर कर रख दिया। घर के भीतर सीसीएल कर्मी मंगलेश पाल उर्फ हैप्पी की हत्या हुई। शुरुआती कहानी लूटपाट की थी। मृतक की पत्नी के हाथ-पैर और मुंह बंधे होने की बात सामने आई।
लेकिन पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, वैसे-वैसे साजिश की परतें खुलती चली गईं। पुलिस के अनुसार, जिस वारदात को अज्ञात अपराधियों की करतूत बताने की कोशिश की गई, उसके पीछे मृतक की पत्नी सोनाली, उसका प्रेमी कौशिक कुमार और एक नाबालिग सहयोगी शामिल था।

18 अक्टूबर को हुई हत्या और महज 24 घंटे के भीतर खुलासा
हजारीबाग पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रेमी से शादी करने और सीसीएल की नौकरी हासिल करने के कथित लालच में हत्या की साजिश रची गई थी।
लूटपाट का शक, लेकिन जांच की दिशा ने बदल दी पूरी कहानी
गिद्दी थाना क्षेत्र के मेन गेट स्थित आवास में 18 अक्टूबर को मंगलेश पाल की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की। शुरुआती जानकारी में घर में लूटपाट के दौरान हत्या किए जाने की बात सामने आई थी। मृतक की पत्नी के हाथ-पैर और मुंह बंधे होने की सूचना ने इस कहानी को और बल दिया।
हालांकि, पुलिस ने मामले को केवल लूटपाट मानकर जांच बंद की। घटनास्थल से मिले सुरागों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की दिशा आगे बढ़ाई गई। इसी दौरान मृतक की पत्नी सोनाली की भूमिका संदेह के घेरे में आई। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो पुलिस के मुताबिक, वारदात से जुड़ी अहम जानकारियां सामने आईं।
एसपी के निर्देश पर एसआईटी का गठन, 24 घंटे में खुला राज
हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक ने विशेष जांच टीम का गठन किया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, घटनास्थल की परिस्थितियों और पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान सोनाली ने अपने प्रेमी कौशिक कुमार और एक नाबालिग सहयोगी के साथ मिलकर हत्या की साजिश में शामिल होने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। इस तरह वारदात के 24 घंटे के भीतर पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा कर दिया
प्रेम, नौकरी और हत्या की साजिश!
पुलिस की जांच में जो वजह सामने आई, उसने मामले को और सनसनीखेज बना दिया। पुलिस के मुताबिक, सोनाली अपने प्रेमी कौशिक कुमार से शादी करना चाहती थी। साथ ही सीसीएल की नौकरी हासिल करने का लालच भी इस साजिश के पीछे बताया गया है। इसी उद्देश्य से पति मंगलेश पाल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई थी।
साक्ष्य मिटाने की कोशिश, फिर भी नहीं बच सके आरोपी
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद घटनास्थल पर मौजूद खून को साफ करने का प्रयास किया गया, ताकि महत्वपूर्ण साक्ष्य मिटाए जा सकें। लेकिन जांच टीम ने तकनीकी सुरागों और पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ लीं।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार, चाकू, खून से सने कपड़े, चप्पल तथा मृतक और उसकी पत्नी के जले हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पूजा के उत्सव के बीच हत्या से दहला था गिद्दी
एक तरफ गिद्दी समेत आसपास के क्षेत्रों में दुर्गा पूजा का उत्सव चल रहा था, दूसरी तरफ सीसीएल कर्मी की हत्या ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। घर में हुई इस वारदात के बाद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं थीं। लेकिन 24 घंटे के भीतर पुलिस के खुलासा कर दिया






