जय श्रीराम समिति के 103 पदाधिकारियों ने ली शपथ, लोहरदगा में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प

Picture of Live Dainik

Live Dainik

October 14, 2026

जय श्रीराम समिति के 103 पदाधिकारियों ने ली शपथ, लोहरदगा में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने का लिया संकल्प

लोहरदगा : संगठन की असली ताकत पद या व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा में नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयास, अनुशासन और सेवा भावना में होती है। संगठन में ‘मैं’ के बजाय ‘हम’ का भाव हो और हर कार्यकर्ता अहंकार से दूर रहकर साझा उद्देश्य के लिए काम करे। यह संदेश राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं हिंदू जागरण मंच के उत्तर-पूर्व एवं पूर्व क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री डा. सुमन कुमार ने बुधवार को लोहरदगा में दिया। वह सदर प्रखंड परिसर स्थित नगर भवन में आयोजित श्रीराम समिति के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह में जिला, नगर, प्रखंड और पंचायत स्तर के कुल 103 नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने शपथ लेकर संगठन की जिम्मेदारियां संभालीं।

1 2

पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने, सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने और सामूहिक रूप से निर्धारित उद्देश्यों के लिए काम करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ डा. सुमन कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता भैरव सिंह और जनजातीय सुरक्षा मंच के मीडिया प्रभारी सोमा उरांव सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन श्रद्धा प्रधान ने किया। मौके पर हिंदू जागरण मंच के प्रतिनिधियों, विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। इनमें डीएसपी रंजीत लकड़ा, नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव, जिला परिषद सदस्य संदीप कुमार, प्रोफेसर युगल प्रसाद, सुषमा सिंह, लक्ष्मी भगत, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय पंकज सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल थे। समारोह का समापन संगठनात्मक एकता, अनुशासन और सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।

See also  लोहरदगा में भीषण गर्मी के बीच प्यास से बेहाल हिरण कुएं में गिरी, डूबने से हुई मौत

2 2

युवा संगठन की ताकत, अनुशासन से मिलता है सही मार्गदर्शन : डा. सुमन कुमार
डा. सुमन कुमार ने कहा कि संगठन और युवा एक-दूसरे के पूरक हैं। युवा संगठन को नई ऊर्जा, नए विचार और बदलते समय के अनुरूप कार्य करने की क्षमता प्रदान करते हैं, जबकि संगठन युवाओं को अनुभव, मार्गदर्शन और अनुशासन देता है। युवा किसी संगठन के लिए केवल भीड़ नहीं, बल्कि उसके भविष्य की नींव होते हैं। इसलिए उनकी प्रतिभा का उपयोग समाजहित में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को समय की पाबंदी और ईमानदारी के साथ संगठनात्मक गतिविधियों में भाग लेना चाहिए। आधुनिक तकनीक, इंटरनेट मीडिया, आयोजन प्रबंधन और जनसंपर्क के माध्यम से संगठन के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में योगदान देना चाहिए। छोटी से छोटी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाना जरूरी है। जब युवा अपनी प्रतिभा के साथ विनम्रता और अनुशासन को जोड़ते हैं, तब संगठन मजबूत होता है।

3 2

अच्छे कार्यकर्ता की पहचान सेवा, ईमानदारी और टीम भावना
डा. सुमन कुमार ने कार्यकर्ताओं के गुणों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सच्ची नीयत, लगातार सीखने की प्रवृत्ति, दूसरों की बात ध्यान से सुनने का धैर्य और टीम भावना एक अच्छे कार्यकर्ता की बुनियादी विशेषताएं हैं। समय की पाबंदी, ईमानदारी और जिम्मेदारियों का निर्वहन संगठन के प्रति विश्वास पैदा करता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता को अपनी गलतियों को स्वीकार कर उनसे सीखना चाहिए और निजी स्वार्थ से ऊपर उठकर संगठन के उद्देश्य के लिए काम करना चाहिए। संगठनात्मक गतिविधियों में कभी प्रशंसा मिलती है तो कभी आलोचना का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में आत्मबल, धैर्य और संयम बनाए रखना जरूरी है। स्पष्ट लक्ष्य और मजबूत आत्मविश्वास के साथ काम करने वाला कार्यकर्ता कठिन परिस्थितियों में भी समाधान तलाशता है। ध्येय के प्रति निष्ठा और सेवा भावना ही संगठन को निरंतर आगे बढ़ाती है।

See also  लोहरदगा में मुर्हरम पर उपद्रवियों से निपटने के लिए पुलिस-प्रशासन तैयार, मॉक ड्रिल कर दिखाया दम

4 2

सामाजिक एकजुटता से मजबूत होगा संगठन : भैरव सिंह
सामाजिक कार्यकर्ता भैरव सिंह ने सामाजिक एकजुटता को संगठन की मजबूती का आधार बताया। भैरव सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सामाजिक एकजुटता से संगठन मजबूत होगा। उन्होंने कार्यक्रम में देश में मंदिर निर्माण और राम मंदिर आंदोलन से जुड़े संघर्ष का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए लंबी कानूनी और सामाजिक प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। उन्होंने सामाजिक संगठनों के बीच समन्वय और एकजुटता बनाए रखने पर जोर दिया।

5 2

सरना और सनातन की सांस्कृतिक जड़ों को समझकर सामाजिक एकता बढ़ाएं : सोमा उरांव
जनजातीय सुरक्षा मंच के मीडिया प्रभारी सोमा उरांव ने जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं के संरक्षण का विषय उठाया। उन्होंने सरना और सनातन परंपराओं के बीच सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए समाज में आपसी एकजुटता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक विरासत का सम्मान और सामाजिक समन्वय महत्वपूर्ण है।

See also  लोहरदगा में डबल मर्डरः बेटे ने मां और पत्नी की सरिया से हमला कर हत्या की, आरोपी गिरफ्तार

6

समिति के जिला से पंचायत स्तर तक के पदाधिकारियों ने ली शपथ
समारोह में श्रीराम समिति के जिलाध्यक्ष बजरंग करूवा, जिला महामंत्री चंदन साहू, कोषाध्यक्ष विक्की कसेरा, महिला जिलाध्यक्ष इंदिरा प्रधान, महामंत्री जानवी गोयल और कार्यकारी अध्यक्ष बिंदिया देवी ने शपथ ली। नगर इकाई की ओर से अध्यक्ष दीपक साहू, महामंत्री श्वेत कुमार और सुमन भास्कर सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी जिम्मेदारी संभाली।

7 3

नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों से जोड़ने की अपील
हिंदू जागरण मंच के प्रांत संयोजक विक्रम शर्मा ने नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के जीवन और आदर्शों से परिचित कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रीराम के जीवन से मर्यादा, कर्तव्य, त्याग और सामाजिक दायित्वों की प्रेरणा मिलती है। इन मूल्यों को व्यवहार में उतारकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। राम सेना के अध्यक्ष पंकज जायसवाल ने भी अपने विचार रखे।

8 29 110111213

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now