लोहरदगा : दुर्गा पूजा, विजयादशमी, रावण दहन और मेला के दौरान शांति भंग करने की कोशिश करने वालों से निपटने के लिए लोहरदगा पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व-त्योहारों में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और आपात परिस्थितियों से निपटने की क्षमता परखने के लिए बुधवार को न्यू पुलिस लाइन में विशेष मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसमें पुलिस जवानों ने उपद्रव की स्थिति से निपटने और भीड़ को नियंत्रित करने की रणनीति का अभ्यास किया।


पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी के निर्देश पर किस्को एसडीपीओ दिवाकर कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस अभ्यास में उपद्रवियों की भूमिका निभा रहे जवानों ने टायर जलाकर सड़क जाम की और पुलिस पर पत्थरबाजी करते हुए नारेबाजी की। इसके बाद पुलिस ने हालात पर नियंत्रण पाने के लिए चरणबद्ध कार्रवाई का प्रदर्शन किया। मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस की टीम ने ध्वनि यंत्र के माध्यम से उपद्रवियों से रास्ता खाली करने की अपील की। चेतावनी के बावजूद स्थिति नियंत्रित नहीं होने पर पानी की बौछार की गई। इसके बाद आंसू गैस के गोले छोड़ने और लाठीचार्ज का अभ्यास किया गया। गंभीर स्थिति में बल प्रयोग की प्रक्रिया का भी प्रदर्शन किया गया। साथ ही, घायल लोगों को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था का पूर्वाभ्यास किया गया। इस अभ्यास के माध्यम से पुलिस ने यह परखा कि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में जवान किस तरह समन्वय के साथ कार्रवाई करेंगे और घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई : एसडीपीओ
एसडीपीओ दिवाकर कुमार ने कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिलेवासियों से दुर्गा पूजा सहित सभी त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे प्रसारित करें। अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने का आग्रह किया।

पुलिस अधिकारियों ने तैयारियों का लिया जायजा
मॉक ड्रिल के दौरान एसडीपीओ दिवाकर कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं का बारीकी से निरीक्षण किया। मौके पर सार्जेंट मेजर शेरू रंजन कुमार, सार्जेंट मेजर मुकेश कुमार, सार्जेंट विवेक कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे। पुलिस का उद्देश्य त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम लोगों के लिए शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करना है।






