लोहरदगा: दशहरा, दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए लोहरदगा पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों, पूजा पंडालों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाएगी। असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ भी अभियान चलाया जाएगा। पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने सोमवार को एसपी कार्यालय में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में सभी थाना प्रभारियों को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने और अपराध नियंत्रण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया। एसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों की आड़ में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों की संवेदनशीलता का आकलन कर आवश्यक कदम उठाने को कहा। साथ ही नियमित गश्ती और रात्रि पेट्रोलिंग बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि चोरी, छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।बैठक में एसपी सादिक अनवर, वरीय पुलिस उपाधीक्षक समीर तिर्की, लोहरदगा एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, किस्को एसडीपीओ दिवाकर कुमार, एसपी के विधि सलाहकार विवेक कुमार, सार्जेंट मेजर शेरू रंजन, मुकेश कुमार, इंस्पेक्टर सह सदर थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर, कुडू थाना प्रभारी नीरज झा, सेन्हा थाना प्रभारी मनोज कुमार, भंडरा थाना प्रभारी मनोज गुप्ता, किस्को थाना प्रभारी वारिस हुसैन, कैरो थाना प्रभारी रवि रंजन कुमार, बगडू थाना प्रभारी अविनाश राम, जोबांग थाना प्रभारी विष्णु रजक, पेशरार प्रभारी विरेंद्र कुमार, सेरेंगदाग थाना प्रभारी नरेश कुमार यादव, यातायात प्रभारी गैलन रजवार, महिला थाना प्रभारी विनिता हेम्ब्रेम, एसटी-एससी थाना प्रभारी लक्ष्मण हांसदा, एसपी के क्राइम रीडर मनोज कुमार, मुरारी कुमार समेत सभी थाना व ओपी प्रभारी, इंस्पेक्टर समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


पूजा पंडालों से लेकर बाजारों तक बढ़ेगी निगरानी
त्योहारी मौसम में बाजारों, पूजा स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाने को कहा गया। सक्रिय अपराधियों की सूची तैयार कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखने तथा जरूरत के अनुसार कानूनी कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया। नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए नियमित छापेमारी करने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जरूरी कदम उठाने पर भी चर्चा हुई। पुलिस अधिकारियों को आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करने की हिदायत दी गई, ताकि त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा का माहौल बना रहे।

लंबित कांडों की जांच में देरी पर होगी कार्रवाई
अपराध समीक्षा बैठक में एसपी ने थानावार दर्ज मामलों, अनुसंधान की प्रगति और लंबित कांडों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अनुसंधान अधिकारियों को गंभीर आपराधिक मामलों में त्वरित कार्रवाई करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर जांच पूरी करने का निर्देश दिया। एसपी ने कहा कि किसी भी गंभीर अपराध की सूचना मिलने पर पुलिस की प्रतिक्रिया तेज और प्रभावी होनी चाहिए।

उन्होंने समय पर आरोपपत्र (चार्जशीट) दाखिल करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि साक्ष्यों का वैज्ञानिक तरीके से संकलन किया जाए। इससे न्यायालय में मामलों की प्रभावी पैरवी करने और दोषियों को सजा दिलाने में मदद मिलेगी। अनुसंधान में लापरवाही या अनावश्यक देरी सामने आने पर संबंधित पदाधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

जनता के सहयोग से मजबूत होगी सुरक्षा व्यवस्था
एसपी ने पुलिसकर्मियों को आम नागरिकों के साथ शालीन और संवेदनशील व्यवहार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और त्योहारों के दौरान शांति बनाए रखने में पुलिस तथा जनता के बीच विश्वास महत्वपूर्ण है। नागरिकों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई। बैठक में बेहतर कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों की सराहना करते हुए एसपी ने कहा कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को प्रशस्ति-पत्र देकर प्रोत्साहित किया जाएगा। वहीं, कर्तव्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।




