झारखंड में आज होगी भारी बारिश, रांची में स्कूल बंद, खराब मौसम के कारण 26 उड़ाने रद्द, पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम व सरायकेला में बाढ़ का खतरा

Picture of Live Dainik

Live Dainik

September 26, 2026

झारखंड में आज होगी भारी बारिश, रांची में स्कूल बंद, खराब मौसम के कारण 26 उड़ाने रद्द, पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम व सरायकेला में बाढ़ का खतरा

रांचीः बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण रांची समेत झारखंड में शुक्रवार को आंधी के साथ मूसलाधार बारिश हुई। तेज हवा में कई जगह पेड़ और पोल उखड़ जाने से राज्य के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति घंटों बाधित रही। वहीं खराब मौसम के चलते रांची से विमान संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ और 13 विमानों की 26 उड़ानों को रद्द करना पड़ा। इस कारण 5000 से ज्यादा यात्री अपने गंतव्य तक नहीं जा सकें। झारखंड में शनिवार को भारी बारिश की संभावना है। रांची में जिला प्रशासन ने शनिवार को सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज 26 से 27 सितंबर तक राज्य के पांच जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को मौसम के बदलते मिजाज पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

26 सितंबर को इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 26 से 27 सितंबर के दौरान झारखंड के गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार और रांची में येलो अलर्ट है। इन जिलों में 64.5 से 204.4 मिलीमीटर तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। येलो अलर्ट के तहत लोगों को मौसम की स्थिति से अपडेट रहने की सलाह दी जाती है। बारिश के साथ कहीं-कहीं गरज-चमक की गतिविधियां भी हो सकती हैं।
बाकी जिलों में ग्रीन अलर्ट
26 से 27 सितंबर के लिए राज्य के अन्य सभी जिलों में ग्रीन अलर्ट है। हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि इन जिलों में बारिश नहीं होगी। स्थानीय स्तर पर मौसम में बदलाव और हल्की बारिश की संभावना बनी रह सकती है।

See also  गिरिडीह के जमुआ रजिस्ट्री कार्यालय में भीड़ ने बोला हमला, हंगामा और पथराव के बीच लूटकर भागे दस्तावेज

बाढ़ का खतरा
लगातार हो रही बारिश से कई नदी-नाले उफान पर है। मौसम विभा ने शनिवार को पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही इन जिलों में बाढ़ की आशंका जताई गई है। वहीं पलामू, गढ़वा, लातेहार और सिमडेगा में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। रांची में दोपहर दो-तीन बजे के बाद मूसलाधार बारिश की संभावना है। इस दौरान 40 किमी की रफ्तार से हवा चलने और वज्रपात की भी संभावनाएं है।
शुक्रवार को राज्य में सर्वाधिक 94.5 मिमी बारिश सरायकेला में हुई। रामगढ़ में 81, गिरिडीह में 80.2, धनबाद में 76, प. सिंहभूम में 72.4, खूंटी में 68.8 और रांची में 60.2 मिमी बारिश हुई।
मौसम की मार से संताल, कोल्हान और कोयलांचल सहित पूरे झारखंड में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। धनबाद, बोकारो, पाकुड़, दुमका और गिरिडीह में आंधी से विशाल वृक्ष तथा दीवारें गिर गईं। झरिया में दामोदर नदी का जलस्तर 6 फीट बढ़ गया।

See also  रांची में प्रदर्शन के दौरान भिड़े बीजेपी-कांग्रेस के कार्यकर्ता, एक-दूसरे पर फेंके टमाटर-अंडे और पत्थर

कई ट्रेनें लेट
मौसम की मार ट्रेन सेवाओं पर भी पड़ी है। पटना जनशताब्दी समेत कई ट्रेनें घंटों विलंब से चलीं। बारिश के कारण राज्य की कई प्रमुख कोयला खदानों में भी पानी भर गया, जिससे उत्पादन और डिस्पैच प्रभावित होने की बात कही जा रही है। राज्य के कई जिलों के गांवों में कच्चे मकान ध्वस्त होने की भी सूचना है। रांची में एजी मोड़ के पास संत जेवियर्स स्कूल की बस पर पेड़ गिर गया, हालांकि उसमें सवार किसी बच्चे को कुछ नहीं हुआ। दूसरी ओर झारखंड मंत्रालय में एक विशाल पेड़ गिर गया, जिससे वहां मौजूद वाहनों को मामूली क्षति पहुंची। इसके अलावा रांची के कई निचले इलाकों में बारिश का पानी भर जाने से जनजीवन प्रभावित हुआ।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now