लोहरदगा : जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के मसमानो पंचायत अंतर्गत गोपी टोली में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सिंचाई कुएं में एक युवक का शव तैरता मिला। शव की पहचान बेदाल टाइन टोली निवासी स्वर्गीय एतवा उरांव के 34 वर्षीय पुत्र सोमे उरांव के रूप में हुई। युवक रविवार से लापता था। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिवार वालों के अनुसार सोमे रविवार को किसी परिचित के यहां भोज में शामिल होने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में लगातार खोजबीन की गई, लेकिन तीन दिनों तक उसका कोई पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह ग्रामीणों की नजर घर से करीब आधा किलोमीटर दूर गोपी टोली स्थित सिंचाई कुएं पर पड़ी। कुएं में शव तैरता देखकर ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना भंडरा थाना पुलिस को दी।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से निकाला शव
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की सहायता से शव को कुएं से बाहर निकाला गया। पहचान होने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। स्वजनों ने बताया कि सोमे मानसिक रूप से कमजोर था। हालांकि उसकी मौत कुएं में किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक कुएं तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत दुर्घटना में हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसकी पड़ताल की जा रही है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।




