गुमला : जिले में सोमवार शाम एक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। बसिया थाना क्षेत्र के भागीडेरा गांव के समीप कोनबीर-पालकोट मुख्य सड़क पर स्कूटी और बाइक की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त स्कूटी और बाइक पर दो-दो युवक सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चारों युवकों को तत्काल रेफरल अस्पताल बसिया पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला रेफर किया गया। घायलों में एक की पहचान पालकोट थाना क्षेत्र के टेंगरिया खिजूर टोली निवासी विनय इंदवार के रूप में हुई है। दूसरे घायल और दोनों मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही बसिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान और उनके परिजनों तक सूचना पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।
सड़क पर गड्ढे को हादसे की वजह मान रहे लोग
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर पेयजलापूर्ति पाइपलाइन में लीकेज के कारण गड्ढा बन गया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी गड्ढे के कारण वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ा और दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।




