लोहरदगा: झारखंड की जनजातीय कला, संस्कृति और रचनात्मक प्रतिभाओं को एक मंच पर लाने के लिए लोहरदगा के कुजरा स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में तीन दिवसीय क्लस्टर स्तरीय सांस्कृतिक महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। 21 से 23 नवंबर तक चलने वाले ईएमआरएस कल्चरल फेस्ट 2026-27 में राज्य के पांच जिलों के 11 एकलव्य विद्यालयों के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस आयोजन में 24 अलग-अलग प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कला और हुनर दिखाने का अवसर मिल रहा है। महोत्सव के जरिए विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को आपसी संवाद, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का अवसर मिल रहा है। आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ते हुए उनकी रचनात्मक क्षमता को आगे बढ़ाना है।

24 विधाओं में प्रतिभा का प्रदर्शन
महोत्सव में जूनियर और सीनियर वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए संगीत, नृत्य, नाटक, चित्रकला, साहित्य सहित विभिन्न विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों की रचनात्मक प्रतिभा को भी मंच देने के लिए ‘समृद्धि’ के तहत विशेष प्रतियोगिताएं रखी गई हैं।

संस्कृति संरक्षण के साथ प्रतिभा संवर्धन
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कल्याण पदाधिकारी सरस्वती कच्छप शामिल हुए। विद्यालय की प्रभारी प्राचार्या तिलोतिमा कुमारी ने मुख्य अतिथि डीडब्ल्यूओ को शॉल और बुके देकर उनका स्वागत किया। अपने संबोधन में जिला कल्याण पदाधिकारी सरस्वती कच्छप ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के साथ जनजातीय कला और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।








