दुमका में अंधविश्वास में हत्या, बुजुर्ग महिला को पीट-पीटकर मार डाला

Picture of Live Dainik

Live Dainik

September 5, 2026

दुमका में अंधविश्वास में हत्या, बुजुर्ग महिला को पीट-पीटकर मार डाला

दुमकाः झारखंड की उपराजधानी कहे जाने वाले दुमका में अंधविश्वास ने एक बुजुर्ग महिला की जान ले ली। तालझारी थाना क्षेत्र में 84 वर्षीय महिला की पीट-पीट कर हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई कर 10 आरोपी महिलाओं में से 6 को गिरफ्तार कर लिया है और एक निरुद्ध किया है। इस मामले में तीन पुरुष आरोपी फरार हैं। एसडीपीओ नवल किशोर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
दो दिन पहले बीमारी से एक महिला की हुई थी मौत
पुलिस की जांच में हत्या के पीछे की वजह जो निकल कर सामने आई उसके अनुसार तालझारी थाना क्षेत्र के नेमारीपाथर गांव में बीमारी से एक वृद्ध महिला की दो दिन पूर्व मौत हो गई थी। उनके घर वालों का यह शक था कि पड़ोस में रहने वाली 84 वर्षीय ढेंगी हांसदा ने ही डायन बिसाही कर इसे बीमार कर मार दिया है। इसी शक के आधार पर इन लोगों ने ढेंगी हांसदा की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी।

See also  राहुल गांधी की दरभंगा में हुई वोट अधिकार यात्रा को लेकर नया विवाद, सुरक्षाकर्मियों पर लगा बाइक चोरी करने का आरोप

मृतका की बेटी के आवेदन पर मामला दर्ज
घटना के बाद मृतका ढेंगी की बेटी सूरजमुनि ने पुलिस को आवेदन दिया था, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई। आवेदन में जिक्र है कि घटना के दिन मां-बेटी घर में साथ बैठी थीं। उसी वक्त गांव की छितामुनि हांसदा ,मकोदी किस्कू कुछ महिलाओं के साथ घर पहुंच गई और ढेंगी को डायन बोलकर गाली-गलौज करने लगी। इतने में ही मकोदी और छितामुनि घर में घुस गई। छितामुनि ने ढेंगी को कहा कि तुम मेरी मां को खा गई हो। यह बोलकर उन दोनों ने ढेंगी का बाल पकड़कर घर के अंदर से बाहर निकाल कर अपने घर की ओर खींच कर ले जाने लगी।

वहीं बाहर खड़े अन्य लोग जो लाठी-डंडे से लैस थे उन सभी लोगों ने मिलकर ढेंगी हांसदा को डायन बोलकर लाठी-डंडा से मारने लगे। इस क्रम में जब ढेंगी की बेटी सूरजमुनि ने बीच-बचाव की कोशिश की तो उसका दोनों हाथ पकड़ लिया। वहीं थोड़ी दूर पर संतोष हांसदा, चंदन और सुखलाल अपने घर के दरवाजे पर बैठे थे और मारो-मारो चिल्ला रहे थे। जब ढेंगी मर गई तो उन लोगों ने उसकी बेटी को धमकी दी कि अगर पुलिस के पास जाओगी तो तुमको भी जान से मार देंगे। इधर, मृतका की पुत्री सूरजमुनि ने बाद में ग्रामीणों की मदद से पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने की कार्रवाई
वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जब मौके पर पहुंची तो देखा कि मारपीट के क्रम में ढेंगी हांसदा की मृत्यु हो गई है, जबकि उनकी पुत्री सूरजमुनि जख्मी है। उन्होंने तत्काल सूरजमुनि का फर्द बयान लेते हुए झारखंड डायन प्रथा प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं में तालझारी थाना कांड संख्या 52/2026 अंकित कर कार्रवाई शुरू कर दी। इस मामले में छह महिलाओं की गिरफ्तारी हुई है। जिनमें मकोदी किस्कू,रनिया हांसदा, छितामुनि हांसदा, शांति मुर्मू, फुलमुनी सोरेन, लोगाई हांसदा शामिल है, जबकि एक किशोरी को निरुद्ध किया गया है। साथ ही पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लाठी-डंडे भी जब्त किए हैं।

See also  डुमरी से आजसू ने यशोदा देवी को बनाया प्रत्याशी, बेबी देवी और जयराम महतो से होगा मुकाबला।
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now