रांचीः गोंदा थाना क्षेत्र के कांके रोड स्थित हातमा की एक महिला ने मूर्ति विसर्जन के दौरान छेड़छाड़, मारपीट और कांके डैम में धक्का देकर जान से मारने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने गुरुवार को मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई।दर्ज प्राथमिकी के अनुसार दंपती पर शराब के नशे में हंगामा करने, अशांति फैलाने, छेड़छाड़, मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया गया है।
गोंदा थाना क्षेत्र के हातमा निवासी अर्चना मिर्धा ने बबन पासवान और उसकी पत्नी बेबी देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है। मामला 21 अक्तूबर की रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच CMPDI विसर्जन स्थल पर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए विवाद से जुड़ा है। प्राथमिकी के अनुसार, दुर्गा पूजा विसर्जन के दौरान बबन पासवान और उसकी पत्नी बेबी देवी ने कथित तौर पर शराब के नशे में हंगामा किया। इससे विसर्जन स्थल पर अशांति की स्थिति उत्पन्न होने लगी। आरोप है कि जब अर्चना मिर्धा ने इसका विरोध किया, तो बबन पासवान ने उनके साथ छेड़छाड़ की और मारपीट करते हुए गाली-गलौज की।

कांके डैम में धक्का देने का भी आरोप
अर्चना मिर्धा ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान बेबी देवी ने उन्हें कांके डैम में धक्का देकर जान से मारने का प्रयास किया। इसके अलावा हातमा दुर्गा पूजा कमेटी के सदस्यों के साथ भी गाली-गलौज किये जाने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस में दर्ज करायी गयी प्राथमिकी
घटना के संबंध में अर्चना मिर्धा ने गोंदा थाना में बबन पासवान और बेबी देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है।पुलिस मामले में दर्ज शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। प्राथमिकी में लगाये गये आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।






