लोहरदगा: रक्षा बंधन को ले जिले के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। भाई-बहन के पवित्र प्रेम के पर्व को ले राखी, कपड़े, गहने, मिठाई और गिफ्ट की दुकानों पर खरीदारी बढ़ गई है। अगले दो दिनों तक शहर के बाजारों में खास चहल-पहल रहने की उम्मीद है। दुकानदारों ने भी पर्व को ले अपनी-अपनी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया है। रक्षा बंधन पर बहनों के लिए सबसे खास खरीदारी राखी की होती है। बाजार में बच्चों से लेकर युवतियों और महिलाओं की पसंद को ध्यान में रखते हुए कई तरह की राखियां उपलब्ध हैं। साधारण राखियों से लेकर डिजाइनर, मोती, रुद्राक्ष, चंदन, कार्टून कैरेक्टर और आकर्षक फैंसी राखियां बाजार में बिक रही हैं। राखियों की कीमत भी अलग-अलग है, जिससे हर वर्ग के लोग अपनी पसंद और बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। दुकानदारों ने बताया कि दुकानों में 10 रुपये से लेकर 500 रुपये तक के रखी मौजूद हैं।

रक्षा बंधन को ले बहनों में राखी के साथ भाभियों के लिए झूमर खरीदने का भी चलन इन दिनों बढ़ गया है। बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के साथ भाभियों के लिए भी झूमर खरीद रही हैं। इसके अलावा कई महिलाएं अपने भाइयों और भाभियों के लिए कपड़े व अन्य उपहार भी खरीद रही हैं। रक्षा बंधन अब केवल राखी बांधने तक सीमित नहीं रह गया है। भाई भी अपनी बहनों को पसंद के अनुसार उपहार देने की तैयारी कर रहे हैं। कोई बहन को नकद राशि देने की तैयारी में है तो कोई कपड़े, कॉस्मेटिक, घड़ी, मोबाइल, आभूषण या अन्य उपयोगी सामान उपहार में देने की योजना बना रहा है। बाजार में सस्ते से लेकर महंगे गिफ्ट आइटम उपलब्ध हैं।

रक्षा बंधन को ले मिठाई दुकानदारों ने भी विशेष तैयारी की है। दुकानों में विभिन्न प्रकार की मिठाइयों के साथ आकर्षक पैकिंग वाले गिफ्ट पैक तैयार किए गए हैं। पर्व को देखते हुए दुकानदारों को मिठाई की बिक्री बढ़ने की उम्मीद है। भाई-बहन एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर पर्व मनाते हैं, जिसके कारण मिठाई की मांग में इजाफा होता है। हालांकि चीनी के बढ़े मूल्य के कारण इस वर्ष मिठाइयों के मूल्य में 20 से 25 फिसदी तक कि बढ़ोतरी हो चुकी है। रक्षा बंधन पर आभूषण बाजार की रौनक भी बढ़ जाती है। कई परिवार इस अवसर पर बहनों को चांदी की पायल, बिछिया, अंगूठी, चेन या अन्य आभूषण उपहार में देते हैं। पर्व के दौरान आभूषण दुकानदारों को सामान्य दिनों की तुलना में बिक्री बढ़ने की उम्मीद है। राखी को ले शहर के प्रमुख बाजारों में राखी और गिफ्ट की दुकानें आकर्षक तरीके से सजाई गई हैं। दुकानदारों ने ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग रेंज की राखियां, गिफ्ट आइटम और पैकिंग की व्यवस्था की है। रक्षा बंधन से एक-दो दिन पहले बाजार में खरीदारी सबसे अधिक बढ़ने की संभावना है। इससे कपड़ा, राखी, मिठाई, गिफ्ट और आभूषण कारोबार से जुड़े व्यवसायियों में भी उत्साह का माहौल है।




