रांचीः पूर्व आईपीएस अधिकारी और जेएससीए के पूर्व अध्यक्ष अमिताभ चौधरी के बेटे अभिषेक चौधरी ने जमीन के नाम पर दो करोड़ रुपए ठगी का आरोप लगाते हुए पांच लोगों के खिलाफ हिंदपीढ़ी थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। इसमें शाहनवाज शेख, उनके भाई आफताब शेख व सफदर शेख और बहन तबस्सुम इसरार व शबनम शेख को आरोपी बनाया गया है।
अभिषेक ने एफआईआर में कहा है कि हिंदपीढ़ी के शेख मेंशन निवासी शाहनवाज शेख और उनके भाई-बहन ने वर्ष 2021 में अमिताभ चौधरी के सामने 20 हजार रुपए प्रति डिसमिल की दर से 736 डिसमिल जमीन बेचने का प्रस्ताव दिया था। यह जमीन खलारी व चान्हो अंचल के केदल व रामदगा गांव में है। निधन से पहले अमिताभ चौधरी ने इस जमीन के लिए कई किस्तों में दो करोड़ रुपए दिय। यह पैसा दरभंगा और मधुबनी स्थित 150 कट्ठा पैतृक जमीन बेचने से मिली थी। शाहनवाज ने 9 सितंबर 2021 को अमिताभ के ईमेल पर जमीन का एकरारनामा भेजा। फिर अंतिम किस्त के 21 लाख रुपए का चेक 20 जुलाई 2022 को दिया था। लेकिन रजिस्ट्री से पहले 16 अगस्त 2022 को अमिताभ चौधरी की मौत हो गई। कुछ दिन बाद 28 अगस्त को जब वह शाहनवाज से मिला तो उन्होंने 25 हजार रुपए डिसमिल पर सौदा तय होने की बात कही। साथ ही 1.32 करोड़ रुपए मिलने की बात स्वीकारी। पैसे वापस मांगा तो वह टाल-मटोल करने लगा। अब उस जमीन की दर 50 हजार रुपए बताते हुए एक करोड़ रुपए और मांगने लगा। 17 अगस्त 2023 को फिर शाहनवाज से मिला तो उसने बताया कि जमीन बैंक के पास गिरवी रख दी है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







