लोहरदगा में लूट की दो कोशिश और युवा कारोबारी की हत्या के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, SIT गठित, फोरेंसिक जांच तेज और अपराधियों की धर-पकड़ के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी

Picture of Live Dainik

Live Dainik

July 31, 2026

लोहरदगा में लूट की दो कोशिश और युवा कारोबारी की हत्या के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, SIT गठित, फोरेंसिक जांच तेज और अपराधियों की धर-पकड़ के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी

लोहरदगा : झारखंड के सबसे छोटे से शहर लोहरदगा में गुरुवार को महज डेढ़ घंटे के भीतर लूट के दो प्रयास और युवा व्यवसायी शुभम साहू की गोली मारकर हत्या की सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने जांच का दायरा और तेज कर दिया है। शुक्रवार को रांची से पहुंची फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की विशेषज्ञ टीम ने तीनों घटनास्थलों का घंटों तक निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। दूसरी ओर पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों की गतिविधियों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि कई अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। शहर में लगातार हुई तीन बड़ी वारदातों ने आम लोगों के साथ-साथ व्यापारी वर्ग को भी झकझोर दिया है। पहले सर्राफा दुकान को निशाना बनाया गया, फिर पेट्रोल पंप पर लूट का प्रयास हुआ और अंत में प्रिया स्टोर के संचालक शुभम साहू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। एक के बाद एक हुई घटनाओं से शहर में दहशत का माहौल कायम है और लोग अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। इधर, शहरी क्षेत्र में हुई इन सिलसिलेवार घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है। आम लोगों और व्यापारी वर्ग की निगाहें अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि शीघ्र अपराधियों की गिरफ्तारी होती है तो इससे न केवल लोगों का भरोसा बहाल होगा, बल्कि शहर में फैले भय के माहौल पर भी विराम लग सकेगा।

WhatsApp Image 2026 07 31 at 4.24.21 PM
तीनों घटना स्थलों पर फोरेंसिक टीम की पड़ताल
रांची से पहुंची एफएसएल टीम ने खत्री ज्वेलर्स, पतराटोली स्थित पेट्रोल पंप और प्रिया स्टोर पहुंचकर घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण किया। विशेषज्ञों ने घटनास्थलों से विभिन्न भौतिक साक्ष्य, फिंगरप्रिंट, कारतूस और अन्य तकनीकी नमूने एकत्र किए। टीम ने घटनास्थलों की फोटोग्राफी, मैपिंग और साक्ष्यों के संरक्षण की प्रक्रिया पूरी की। अब इन नमूनों की प्रयोगशाला में जांच होगी, जिससे अपराधियों की पहचान और वारदात के क्रम को स्पष्ट करने में मदद मिलने की उम्मीद है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार वैज्ञानिक जांच इस पूरे मामले की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो सकती है। इसी आधार पर अपराधियों की गतिविधियों, उनके आने-जाने के रास्तों और वारदात के तरीके का विश्लेषण किया जा रहा है।

See also  लालू यादव-राबड़ी देवी को फिर से मिली Z सिक्योरिटी और बुलेटप्रूफ गाड़ी, बिहार सरकार ने वापस लौटाई सुरक्षा

WhatsApp Image 2026 07 31 at 4.24.21 PM 1
एसडीपीओ के नेतृत्व में बनी 10 सदस्यीय एसआईटी
शहर में हुई तीन वारदातों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने 10 सदस्यीय विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया है। पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी के निर्देश पर गठित एसआईटी में एसडीपीओ के साथ थाना, अपराध शाखा, विधि शाखा और तकनीकी शाखा के अनुभवी पुलिस पदाधिकारियों को शामिल किया गया है। टीम का नेतृत्व लोहरदगा एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा कर रही हैं, जबकि किस्को एसडीपीओ दिवाकर कुमार सह-प्रभारी बनाए गए हैं। टीम में इंस्पेक्टर से सदर थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर, पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर आजाद के साथ पुलिस निरीक्षक रविरंजन कुमार, किस्को थाना प्रभारी मानस कुमार दास, अपराध शाखा के प्रभारी संजय कुमार, सदर थाना के सहायक अवर निरीक्षक अमरनाथ पाण्डेय एवं तकनीकी शाखा के नीरज कुमार मिश्र को शामिल किया गया है। एसआईटी को सभी पहलुओं की गहन जांच, तकनीकी साक्ष्य जुटाने और आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। टीम को तकनीकी, वैज्ञानिक और मानवीय सूचनाओं के आधार पर पूरे मामले की जांच कर जल्द से जल्द अपराधियों तक पहुंचने की जिम्मेदारी दी गई है।

See also  केंद्रीय इस्पात परामर्शदात्री समिति ने किया दुर्गापुर स्टील प्लांट का किया निरीक्षण, सांसद सुखदेव भगत और केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी भी रहे मौजूद

WhatsApp Image 2026 07 31 at 4.24.21 PM़
तीन टीमों की लगातार छापेमारी
एसआईटी के गठन के बाद पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। जिले के अलावा आसपास के इलाकों में भी संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, मोबाइल लोकेशन, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य तकनीकी माध्यमों से अपराधियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी शुरू की है। हालांकि जांच प्रभावित न हो, इसलिए पुलिस अभी इस संबंध में आधिकारिक जानकारी साझा करने से बच रही है।
एक ही गिरोह पर टिकी जांच
पुलिस को प्रारंभिक जांच में आशंका है कि तीनों घटनाओं के पीछे एक ही संगठित गिरोह का हाथ हो सकता है। तीनों वारदातों का तरीका, समय और अपराधियों की गतिविधियां कई समान संकेत दे रही हैं। हालांकि पुलिस किसी अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि अपराधियों ने पहले से रेकी की थी या वारदात अचानक अंजाम दी गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच भी इसी दिशा में की जा रही है।
व्यवसायी की हत्या के विरोध में बाजार बंद, व्यापारियों का प्रदर्शन
युवा व्यवसायी शुभम साहू की हत्या से आक्रोशित व्यापारियों ने शुक्रवार को कचहरी मोड़ से पतराटोली तक अधिकांश दुकानों और प्रतिष्ठानों को बंद रखा। साप्ताहिक बाजार का दिन होने के बावजूद व्यापारियों ने स्वेच्छा से कारोबार बंद रखकर विरोध दर्ज कराया। बाजार क्षेत्र में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। व्यापारियों ने कहा कि शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से कारोबार करना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमित गश्त बढ़ाने और अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

See also  लोहरदगा में कांग्रेस का बूथ स्तरीय समीक्षा बैठक,सह-प्रभारी डा. सीरिबेल्ला प्रसाद ने कहा- सभी मतदाता का अधिकार सुरक्षित रखना हमारी जिम्मेदारी

WhatsApp Image 2026 07 31 a
सर्राफा व्यवसायियों ने लिए बड़े निर्णय
लोहरदगा जिला सर्राफा एसोसिएशन की आपात बैठक खेमराज स्मृति भवन में आयोजित हुई। अध्यक्षता दुर्गा सोनी ने की। बैठक में सर्राफा व्यवसायियों ने शहर की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर गहरी चिंता जताई। बैठक में व्यवसायियों ने मांग की कि लंबित शस्त्र लाइसेंसों का शीघ्र निष्पादन किया जाए, प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में स्थायी पुलिस बल तैनात हो, दिन-रात गश्त बढ़ाई जाए, संदिग्ध वाहनों की नियमित जांच हो तथा मादक पदार्थों की खुलेआम बिक्री पर सख्त कार्रवाई की जाए। एसोसिएशन ने निर्णय लिया कि शनिवार को शहर के सभी सर्राफा प्रतिष्ठान बंद रखे जाएंगे। दुकानों पर विरोध स्वरूप पोस्टर लगाए जाएंगे तथा एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधीक्षक से मिलकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग करेगा।
भाजयुमो नेता ने स्वजनों से की मुलाकात
भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष आजातशत्रु ने शुक्रवार को शुभम साहू के अंतिम संस्कार में पहुंचकर शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। उन्होंने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने सरकार से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
एसपी बोले- जल्द होगा खुलासा
लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि तीनों घटनाओं की जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है। एसआईटी और फोरेंसिक टीम समन्वय के साथ काम कर रही है। पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले का जल्द खुलासा कर सभी आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now