लोहरदगा में SIR-2026 में शत-प्रतिशत उपलब्धि, 2.93 लाख मतदाताओं के गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा, 5 अगस्त को प्रकाशित होगी प्रारूप मतदाता सूची

Picture of Live Dainik

Live Dainik

July 28, 2026

लोहरदगा में SIR-2026 में शत-प्रतिशत उपलब्धि, 2.93 लाख मतदाताओं के गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा, 5 अगस्त को प्रकाशित होगी प्रारूप मतदाता सूची

लोहरदगा : विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची के अद्यतन की प्रक्रिया ने एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर लिया है। 72-लोहरदगा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के सभी 2,93,871 मतदाताओं के गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। इस उपलब्धि पर उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार मीना ने जिलेवासियों, निर्वाचन कर्मियों और सभी सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उपायुक्त ने कहा कि यह सफलता प्रशासन, निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, समाजसेवियों और मतदाताओं के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी-सह-निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) अमित कुमार, सभी वरीय पदाधिकारियों, एईआरओ, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों, बीएलओ पर्यवेक्षकों, बीएलओ, विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) तथा मीडिया प्रतिनिधियों के योगदान की सराहना की। उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने बताया कि डिजिटाइजेशन का कार्य समय पर पूरा होने के बाद अब निर्वाचन आयोग के तय कार्यक्रम के अनुसार 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया शुरू होगी, जिससे पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाने और त्रुटियों के सुधार का अवसर मिलेगा। उपायुक्त ने कहा कि एसआईआर-2026 के इस महत्वपूर्ण चरण को सफल बनाने में सभी वर्गों का सहयोग सराहनीय रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी चरणों में भी इसी तरह सक्रिय भागीदारी से मतदाता सूची को और अधिक पारदर्शी, सटीक और त्रुटिरहित बनाने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा।

See also  SIR-2026 : सभी बूथों पर आयोजित हुई BLO-BLA-2 की तीसरी बैठक एवं चुनाव पाठशाला, लोहरदगा DC ने डिजिटाइजेशन 2 दिनों में पूरा करने का दिया निर्देश
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now