रांचीः लोहरदगा की 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा से रांची में दुष्कर्म का मामला सामने आया है। एयर होस्टेस की तैयारी कर रही छात्रा ने आरोप लगाया है कि आरोपी युवक ने आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे कई महीनों तक ब्लैकमेल किया। इसके साथ ही साथ धर्मांतरण करने के लिए भी दवाब बनाया और अपहरण की कोशिश की।
परिजनों की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में FIR दर्ज कर ली है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है। परिजनों के अनुसार, उनकी नाबालिग बेटी रांची में रहकर पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान रामगढ़ के चितरपुर निवासी 20 वर्षीय सुधांशु पांडे से हुई।

आरोप है कि 18 अप्रैल 2026 को आरोपी ने जन्मदिन की पार्टी का बहाना बनाकर छात्रा को धुर्वा स्थित अपने किराए के मकान में बुलाया। वहां कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश कर दिया और दुष्कर्म किया। होश आने पर छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी ने मोबाइल में मौजूद आपत्तिजनक वीडियो दिखाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी।
छात्रा पर धर्म बदलने का भी बनाया दबाव
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नाबालिग दूसरे समुदाय से है और आरोपी उस पर अपना धर्म अपनाने का दबाव बना रहा था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। 13 जुलाई को सदर अस्पताल में आरोपी और पीड़िता, दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। पीड़िता का बयान दर्ज करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया। सदर थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक र|ेश मोहन ठाकुर ने बताया कि सदर थाना कांड संख्या 95/2026 दर्ज कर दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट तथा अन्य प्रासंगिक धाराओं में जांच शुरू कर दी गई है। शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी वीडियो और तस्वीरों के जरिए छात्रा को लगातार ब्लैकमेल करता रहा और उसका यौन शोषण करता रहा। धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर छात्रा 22 मई को पढ़ाई छोड़कर लोहरदगा लौट आई। इसके बावजूद आरोपी फोन और सोशल मीडिया के जरिए धमकियां देता रहा। आरोप है कि 8 जुलाई की रात वह लोहरदगा पहुंचा और छात्रा को बुलाकर अपहरण की कोशिश की। 12 जुलाई को भी उसने लगातार कॉल और संदेश भेजकर मानसिक दबाव बनाया।


