जमशेदपुरः मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड़ में 25-30 युवकों ने मिलकर राहुल कुमार सिंह उर्फ राहुल बच्चा की हत्या कर दी। मृतक राहुल बस्ती के पास का रहनेवाला था। घटना बुधवार शाम करीब सात बजे की है। हमलावारों ने राहुल को पहले लाठी-डंडे से मारा, फिर ईट व पत्थर से कूच कर और उसके बाद गोलियां मार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। हालांकि कितनी गोलियां लगी है, इसकी जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल पाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटना के बाद राहुल के साथियों ने टीएमएच में हंगामा किया। वह हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। बाद में पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया। मानगो गुरुद्वारा रोड़ निवासी राहुल कुमार सिर्फ राहुल बच्चा श्रीराम स्टोर और मजार के पास स्थित सड़क पर गाड़ी लेकर खड़ा था। उसके दोस्त भी थे। इसी बीच करीब 25 से 30 युवक आये और हमला कर दिया। जब राहुल गिर कर लहूलुहान हो गया, तो हमलावर वहां से फरार हो गये, इसके बाद राहुल के साथ आये और उसे बाइक से लेकर सीधे टीएमएच पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद युवकों ने हंगामा शुरु कर दिया। बाद में पुलिस टीम वहां पहुंची।
लड़के के फेर में शुरू हुआ विवाद बना जानलेवा
घटना के चश्मदीद आयुष दुबे ने बताया कि एक लड़की के चक्कर में विवाद शुरू हुआ था। इंस्टग्राम पर शब्बे और राहुल के बीच कहा-सुनी शुरू हुई थी। लगातार देख लेने की धमकी भी दी गयी थी। घटना की सूचना मिलने के बाद उक्त लड़की टीएमएच पहुंची, इसके बाद आक्रोशित युवकों ने उक्त लड़की को वहां से भगा दिया। इसके बाद लड़की रोते हुए वहां से चली गयी। इस दौरान पुलिस को भी हस्तक्षेप करना पड़ा। राहुल कुमार सिंह उर्फ राहुल बच्चा करीब एक साल पहले जमानत पर जेल से बाहर आया था। उस पर आपराधिक मुकदमा दायर था। वहीं शब्बे भी आर्म्स एक्ट और हत्या के मामले में पूर्व में जेल गया था। अभी जमानत पर बाहर है।


