कोडरमाः जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित मिटको कॉलोनी में गुरुवार को एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। महिला का शव घर में पड़ा था और स्कूल से वापस आने पर बेटे ने सबसे पहले लाश देखी।मृतक महिला के बारे में जानकारी मिली है कि दस साल पहले यानी साल 2016 में उसने प्रेम विवाह किया था और वह अपने घर पर कॉपी बनाने के व्यवसाय से जुड़ी हुई थी। मृतक महिला के दो बच्चे हैं, जिनमें से बड़ा लड़का 6 साल का है।
मृतक महिला की पहचान 30 वर्षीय नेहा राज पति शंभू राणा के रूप में की गई है। घटना की जानकारी देते हुए मृतका के पड़ोसी उमेश पंडित ने बताया कि मृतका का पुत्र स्कूल गया हुआ था और जब वह 12:30 बजे स्कूल से लौट कर जैसे ही घर पंहुचा और कमरे में प्रवेश किया वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा और दौड़कर घर से बाहर आ गया । उसकी चीख सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुँचे जहाँ बच्चे ने बताया कि उसकी माँ के गले से खून बह रहा है और वह कुछ बोल नहीं पा रही है। जिसके बाद आसपास के लोगों ने इसकी सूचना उनके पति शंभु राणा को दी, जो अपनी फैक्ट्री से कॉपी पहुंचाने किसी दुकान पर गए हुए थे। शंभू को घटना की सूचना मिलते ही उसने बारी-बारी से इसकी सूचना अपने परिजनों और साथियों को दी कि वे जल्द से जल्द उसके घर पहुँचे । इधर सूचना मिलते ही शम्भू के मित्र उमेश पंडित सहित अन्य लोग शम्भू के घर पहुंचे। घर पहुंचकर वहां का दृश्य देखते ही उनके होश उड़ गए। उनलोगों ने देखा कि महिला का गला किसी धारदार हथियार से रेता हुआ था और उसके गले से काफी खून भी बह रहा था। जिसके बाद लोग महिला को आनन-आनन फानन में लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। जहां सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इधर घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा थाना प्रभारी सदर अस्पताल पहुंचे हैं और मामले की जांच में जुटे हैं । वहीं घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह भी सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए । एसडीपीओ अनिल सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि मामले की सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और मृतका के परिजनों से इस मामले में पूछताछ की जा रही है। जो भी इस मामले में लिप्त होंगे उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। गौरतलब है कि महिला ने इंटर कास्ट लव मैरेज किया था और वह अपने पति के साथ मिलकर कॉपी का प्लांट चलाती थी ।


