रांचीः मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रोजेक्ट भवन के सभागार में महिला एवं बाल विकास तथा समाजिक सुरक्षा विभाग के लिए नियुक्ति 63 सीडीपीओ और 237 महिला पर्यवेक्षिकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस समारोह में राज्य के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर , मुख्य सचिव अविनाश कुमार समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे। नियुक्ति पत्र सौंपने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी नवनियुक्त कर्मियों के आने से विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और हमारी जनकल्याणकारी योजनाएं अधिक प्रभावी ढंग से धरातल पर उतर सकेंगी।नियुक्ति पत्र प्राप्त सभी अभ्यर्थियों और उनके परिवारजनों को सुखद भविष्य के लिए मेरी ओर से ढेरों बधाई और शुभकामनाएं और जोहार!
झारखंड को पांच साल के बाद मिला लोकायुक्त, रिटायर्ड जज अमिताभ गुप्ता को राज्यपाल ने दिलाई शपथ, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रहे मौजूद
मुख्यमंत्री ने समारोह को संबोधित करते हुए आगे कहा कि आज इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं की नियुक्ति झारखण्ड के लिए गर्व का विषय है। आज हमारी बेटियां अपने पैरों पर खड़ी होकर न केवल अपने परिवार, बल्कि समाज और राज्य को दिशा दे रही हैं। सभी नवनियुक्त कर्मियों से अपील करता हूं कि वे कुपोषण मुक्त झारखण्ड के संकल्प को सिद्ध करने में अपनी पूरी शक्ति लगाएं। सुदूर ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों तक सरकारी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना ही हमारी प्राथमिकता है।आज से आप सभी राज्य सरकार के अभिन्न अंग बन गए हैं। मैं आशा करता हूं कि आप अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ करेंगे।ध्यान रखें, बेहतर समन्वय ही सुशासन की पहचान है और इससे अनियमितताओं की गुंजाइश भी खत्म होती है। आप सभी के योगदान से झारखण्ड एक स्वस्थ, सशक्त और विकसित राज्य के रूप में अपनी पहचान और मजबूत करेगा। आपके बेहतर भविष्य के लिए सरकार सदैव आपके साथ खड़ी है।
50 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित
जेपीएससी से अनुशंसित अभ्यर्थियों में अनारक्षित श्रेणी के 34, एससी श्रेणी के दो, एसटी श्रेणी के 21, बीसी-वन के एक तथा आर्थिक रूप से कमजाेर श्रेणी के छह अभ्यर्थी सम्मिलित हैं। वहीं, चयनित 64 अभ्यर्थियों में 35 महिला हैं। बताते चलें कि नियुक्ति परीक्षा में 50 प्रतिशत अर्थात 32 पद ही महिलाओं के लिए आरक्षित थे।इधर, महिला पर्यवेक्षिका की बात करें तो कुल 444 पदों पर नियुक्ति के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी, लेकिन इन पदों के विरुद्ध कुल 313 अभ्यर्थियों का ही चयन किया जा सका। इनमें अनारक्षित श्रेणी के 138, एसटी श्रेणी के 72, एससी के 22, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के 34, पिछड़ा वर्ग के 19 तथा आर्थिक रूप से कमजोर श्रेणी के 28 अभ्यर्थी सम्मिलित हैं। चयनित अभ्यर्थियों में से उन 237 को नियुक्ति पत्र दिया गया है, जिनके प्रमाणपत्रों की जांच हो चुकी है।


