कोडरमा: कोयला तस्करी के संदेह में ट्रक का पीछा कर रही चंदवारा पुलिस की टीम शनिवार को हादसे का शिकार हो गई। मदनगुंडी टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर आगे रेलवे ओवरब्रिज के समीप कोयला लदे 12 चक्का ट्रक ने पुलिस की बोलेरो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना में पुलिस जवान राजेंद्र मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बोलेरो में सवार अन्य पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। चंदवारा पुलिस को कोयला लदे एक ट्रक के गुजरने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस की बोलेरो ने ट्रक का पीछा शुरू किया। पुलिस वाहन लगातार ट्रक के पीछे चल रहा था। इसी दौरान रेलवे ओवरब्रिज के समीप ट्रक ने अचानक पुलिस बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बोलेरो सड़क पर पलट गई।

स्थानीय लोगों ने जवानों को निकाला
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो में फंसे पुलिसकर्मियों को बाहर निकालने में मदद की। गंभीर रूप से घायल राजेंद्र मेहता को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। अन्य जवानों को भी चोटें आने की जानकारी है। दुर्घटना के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कोयला लदे ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। वाहन को थाने लाकर कोयले के स्रोत और परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस ट्रक चालक की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। हादसे के बाद रेलवे ओवरब्रिज के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई।






