हजारीबाग: शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसव के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। स्वजनों ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। उनका दावा है कि गलत इंजेक्शन और दवाइयां देने के साथ ही समय पर उपचार नहीं मिलने के कारण महिला की जान चली गई। विरोध में आक्रोशित लोगों ने जिला मोड़ के समीप सड़क जाम कर दिया। मृतक की पहचान चरही थाना क्षेत्र के निमाडीह, हेड़ेगाढ़ा निवासी रंजन कुमार दास की पत्नी संगीता कुमारी के रूप में हुई है। उसका मायका हजारीबाग के लाखे में है। परिजनों के मुताबिक, संगीता पांच नवंबर को प्रसव के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती हुई थी। छह नवंबर को दोपहर में चिकित्सकों ने सिजेरियन ऑपरेशन कर प्रसव कराया। इसके बाद जच्चा-बच्चा को अस्पताल में ही रखा गया था।
तबीयत बिगड़ने पर भी नहीं मिली मदद
स्वजनों का आरोप है कि शुक्रवार देर रात संगीता की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। इस दौरान उसे इंजेक्शन और दवाइयां दी गईं, जिसके बाद उसकी हालत और गंभीर हो गई। परिजनों ने ड्यूटी पर मौजूद नर्सों को कई बार मरीज की स्थिति बिगड़ने की जानकारी दी और तत्काल चिकित्सकीय सहायता मांगी। आरोप है कि बार-बार आग्रह के बावजूद स्वास्थ्यकर्मियों ने गंभीरता नहीं दिखाई। परिजनों का यह भी कहना है कि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी मोबाइल में व्यस्त रहे और समय रहते मरीज को देखने नहीं पहुंचे। इसी बीच संगीता की मौत हो गई।
सड़क पर उतरे परिजन, अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
महिला की मौत की खबर फैलते ही मायके और ससुराल पक्ष के लोग अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। सदर विधायक एवं कांग्रेस नेता मुन्ना सिंह भी मौके पर पहुंचे। आक्रोशित परिजनों ने जिला मोड़ के समीप सड़क जाम कर दिया, जिससे वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही सीओ आशुतोष कुमार और सदर एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। समझाने-बुझाने के बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद परिजन संगीता का शव अंतिम संस्कार के लिए अपने घर ले गए। घटना ने अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था और प्रसूता की देखभाल को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






