लोहरदगा : जिले भर में ईद-उल-फितर का पर्व शनिवार को उल्लास, इबादत और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही ईदगाह और विभिन्न मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए मुस्लिम धर्मावलंबियों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने नए कपड़े पहनकर और अल्लाह की इबादत कर इस ईद के त्योहार को खास अंदाज में मनाया। ईद की नमाज का सिलसिला ईदगाह से शुरू हुआ, जहां पहली जमात में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर जामा मस्जिद के इमाम हजरत मौलाना कारी शमीम आलम रिजवी ने ईद-उल-फितर की नमाज की इमामत फरमाई। नमाज के बाद उन्होंने तकरीर के माध्यम से लोगों को आपसी भाईचारा, शांति और सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया। दूसरी जमात की नमाज जिले की विभिन्न मस्जिदों में अदा की गई, जिसमें जामा मस्जिद और बेलाल मस्जिद को छोड़कर अन्य सभी मस्जिदें शामिल रही। यहां संबंधित मस्जिदों के इमामों ने नमाज की अगुवाई की। तीसरी और अंतिम जमात की नमाज जामा मस्जिद और बेलाल मस्जिद में अदा की गई। जामा मस्जिद में हजरत हाफिज मेराज ने इमामत की, जबकि बेलाल मस्जिद में हजरत मौलाना कारी अब्दुल हमीद ने नमाज अदा कराई। इसी क्रम में मंडल कारा में भी बंदियों के बीच ईद-उल-फितर की नमाज अदा की गई, जिसकी इमामत मौलवी अबुल कलाम तैगी ने की। इसके साथ ही शहरी क्षेत्र के अलावा ग्रामीण इलाकों और विभिन्न प्रखंडों की मस्जिदों में भी ईद की नमाज अदा की गई, जिससे पूरे जिले में त्योहार का माहौल छा गया।

ईद की नमाज से नीतीश कुमार रहे दूर, बिहार के मुख्यमंत्री की जगह उनके बेटे निशांत हुए शामिल
ईदगाह में मेला में बच्चों खूब की खरीदारी
ईद के मौके पर ईदगाह में मेला भी लगा था। जिसमें काफी संख्या में लोगों की सहभागिता नजर आई। विशेष तौर पर बच्चों में खूब उत्साह देखा गया। बच्चों ने जमकर खरीदारी की। खिलौना, मिठाई और न्य सामान की खूब बिक्री हुई। ईद के मौके पर ईदगाह में नमाज के बाद लोगों ने मेला का भी आनंद लिया। सुरक्षा व्यवस्था के यहां पर ठोस इंतजाम किए गए थे। सभी लोगों ने एक-दूसरे को ईद की बधाई दी।


सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन सतर्क
ईदगाह सहित सभी प्रमुख मस्जिदों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात किए गए थे, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। ईदगाह में स्वयं एसपी सादिक अनवर रिजवी भी मौजूद रहे। उन्होने ईदगाह में नमाज अदा करने के बाद सभी को ईद की बधाई दी। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अंजुमन के अध्यक्ष रउफ अंसारी और सचिव शाहिद अहमद बेलू उपस्थित थे।

गले लगा कर दी ईद की बधाई
नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। छोटे-बड़े सभी ने आपसी प्रेम और सौहार्द का परिचय देते हुए इस पर्व को यादगार बना दिया। इसके बाद विभिन्न स्थानों पर ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया, जहां लोगों ने एक-दूसरे को सेवइयां खिलाकर बधाई दी और खुशियां साझा कीं।

ईद को लेकर हर ओर नजर आई खुशियां
लोहरदगा : पूरे जिले में ईद को लेकर खासा उत्साह देखा गया। बाजारों में भी रौनक बनी रही और लोगों ने अपने-अपने तरीके से इस पर्व को मनाया। ईद-उल-फितर के मौके पर लोगों ने आपसी प्रेम, भाईचारा और सौहार्द का संदेश दिया। ईद को लेकर पूरे जिले में उत्साह नजर आया। रमजान के बाद ईद को लेकर लोगों ने तैयारी कर रखी थी। ईद की नमाज अदा करने के बाद सभी ने एक-दूसरे को ईद की मुबारक दी।

सेन्हा में शांतिपूर्ण माहौल में पढ़ी गई ईद-उल-फितर की नमाज
सेन्हा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में ईद-उल-फितर का पर्व शनिवार को शांतिपूर्ण और धार्मिक माहौल में मनाया गया। सुबह से ही ईदगाह और मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। मुस्लिम धर्मावलंबियों ने ईद की नमाज अदा कर अल्लाह से देश, राज्य, जिला और प्रखंड में अमन-चैन और भाईचारे की दुआ मांगी। सेन्हा ईदगाह में हाफिज गुलाम मुस्तफा ने ईद की नमाज अदा कराई। वहीं गौसिया मस्जिद सेन्हा में हाफिज आजाद और अंबिया मस्जिद में हाफिज वसीम अंसारी ने नमाज पढ़ाई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और खुशियों का इजहार किया। प्रखंड के सेन्हा, अरु, कालेहेपाट, बांध टोली अरु, उगरा, डाडू, सेरेंगहातु, तोड़ार भड़गांव और अंबा टोली समेत विभिन्न गांवों में भी ईद का त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। हर जगह नमाज के बाद लोगों ने शांति और भाईचारे का संदेश दिया। ईद को लेकर सभी मस्जिदों और ईदगाहों में जिला पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस बल तैनात रहने से पूरे क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल बना रहा। मौके पर अंजुमन इस्लामिया सेन्हा के अध्यक्ष मोख्तार अंसारी, सचिव मोहम्मद अजरूद्दीन, बाबर अंसारी, मुस्ताक अंसारी, फजल अब्बास, गुजरात खान, आफाक अंसारी, हाजी हसीब अंसारी, हाजी हुसैन, हसनेन, नूर हसन, आलम खान समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।


Hormuz Crisis:दुबई के अस्पताल में पड़ा है कैप्टन राकेश रंजन का शव, रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने रक्षा मंत्रालय से किया संपर्क
– कैरो प्रखंड मुख्यालय सहित अन्य स्थानों में पढ़ी गई ईद की नमाज
कैरो प्रखंड मुख्यालय स्थित ईदगाह सहित विभिन्न स्थानों में शनिवार को मुस्लिम धर्मावलंबियों ने ईद की नमाज अदा किया। कैरो के अलावे उतका, गाराडीह, चरिमा, हनहट, सढ़ाबे, गितिलगढ़, नगजुआ, नरौली, गजनी, चाल्हो आदि स्थानों में शांति व सौहार्दपूर्ण वातावरण में ईद का त्योहार संपन्न हुआ। कैरो प्रखंड मुख्यालय स्थित ईदगाह में मौलाना नुरुल हसन कासमी द्वारा ईद की नमाज अदा कराई गई। उन्होंने कहा ईद का त्योहार आपसी भाईचारगी व शांति का संदेश देता है। हमें आपसी भाईचारगी के साथ त्योहार मनानी चाहिए। नमाज के बाद उन्होंने मुस्लिम धर्मावलंबियों को संबोधित करते हुए कहा कि कुरान व हदीश के अनुसार जीवन जीना चाहिए। उन्होंने कहा अल्लाह के बताए रास्तों को अमल करते हुए उसपर चलना चाहिए। मौके पर पुलिस प्रशासन द्वारा सभी जगहों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। कैरो सहित अन्य ईदगाह व मस्जिदों के समीप पुलिस के जवान तैनात थे। सुरक्षा को लेकर बीडीओ छंदा भट्टाचार्य, सीओ कुमारी शीला उरांव, थाना प्रभारी कुंदन कुमार रवानी, एएसआई संजय कुमार, पीएन गोप, रंजन सिंह, गुड्डू शर्मा, रामाधार राम, दिलीप सिंह सहित अन्य अधिकारी, दंडाधिकारी व पुलिस के जवान तैनात थे।


भंडरा में सौहार्द के साथ मनी ईद, अमन-चैन की मांगी दुआ
भंडरा प्रखंड में शनिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार पारंपरिक हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। इस मौके पर मुस्लिम धर्मावलंबियों ने निर्धारित समय पर विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा कर देश की खुशहाली, तरक्की और अमन-चैन की दुआ मांगी। सुबह से ही क्षेत्र के कुम्हारिया, तेतरपोका, मसमानो, बलसोता, बड़ागांई, आकाशी और बंडा समेत विभिन्न गांवों की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। भंडरा मिडिल स्कूल स्थित मस्जिद में मौलाना बेलाल की अगुवाई में सैकड़ों लोगों ने ईद की नमाज अदा की। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। त्योहार को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। बीडीओ प्रतिमा कुमारी और थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता ने विभिन्न संवेदनशील इलाकों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने मस्जिदों में पहुंचकर लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं। ग्रामीणों ने भी अधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और पारंपरिक सेवइयां व पकवान खिलाकर खुशी साझा की।
















