दुबईः एशिया कप में बांग्लादेश को भारतन ने मात दे दी है । ओपनर अभिषेक शर्मा के शानदार 75 रनों और कुलदीप यादव के स्पिन के जाल में फंस कर बांग्लादेश को हार का सामना करना पड़ा । बांग्लादेश की ओर से सैफ हसन ने 69 रन तो बनाए लेकिन उनका किसी भी खिलाड़ी ने साथ नहीं दिया । हसन को बुमरा ने पैवेलियन भेजा । भारत को 41 रनों से जीत हासिल हुई । भारत के 168 रनों के जवाब में बांग्लादेश की टीम 19.3 ओवरों में 127 रन ही बना सकी।
जसप्रीत बुमराह ने दो, कुलदीप यादव ने तीन और वरुण चक्रवर्ती को 2 विकेट हासिल हुए । एक-एक विकेट अक्षर पटेल और तिलक वर्मा को हासिल हुआ ।
इससे पहले भारत ने बल्लेबाजी करते हुए अभिषेक शर्मा ने बांग्लादेश के खिलाफ अपने शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए 37 गेंदों में ताबड़तोड़ 75 रन ठोके। इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ भी उन्होंने 39 गेंदों पर 74 रन बनाए थे। हालांकि उनकी इस आतिशी पारी के बावजूद टीम इंडिया 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर केवल 168 रन ही बना सकी।
भारत की पारी का ग्राफ पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मैच जैसा ही रहा। शुरुआत दमदार रही लेकिन बीच और आखिरी ओवरों में रनों की रफ्तार थम गई। 4 से 11वें ओवर तक टीम ने 95 रन जोड़ दिए, जिसमें अभिषेक का बल्ला जमकर गरजा। लेकिन अगले 12 ओवरों में भारत केवल 73 रन ही जुटा सका।
बांग्लादेश के गेंदबाजों ने नई गेंद से पहले तीन ओवरों में स्विंग कराकर अभिषेक और शुभमन गिल को बांधने की कोशिश की। बाद में जब गेंद पुरानी हुई तो उन्होंने स्पीड में विविधता और पिच की ग्रिप का फायदा उठाते हुए भारतीय बल्लेबाजों की रनगति पर लगाम लगा दी।
अभिषेक शर्मा ने अपनी इस आतिशी पारी में पांच छक्के जड़े। इसके साथ ही वह भारत की टी20आई छक्केबाजों की ऑल-टाइम लिस्ट में संयुक्त रूप से सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने अब तक केवल 21 पारियों में 58 छक्के जड़े हैं। वहीं सुरेश रैना ने इतने ही छक्के लगाने के लिए 66 पारियां खेली थीं।





