झारखंडः जन वितरण प्रणाली के तहत गलत तरीके से राशन उठाव कर रहे कार्ड धारक लाभुकों के खिलाफ राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता विभाग ने सघन जांच अभियान चलाकर कुल चार कैटेगरी में अब तक 2.58 लाख (2,58,344) राशन कार्ड रद्द कर दिए हैं। इन कैटेगरी में मृत, 100 साल से ऊपर और 18 साल से नीचे, छह माह से राशन नहीं उठाने और दोहरा लाभ ले रहे लाभुकों के राशन कार्ड निरस्त हुए हैं।
जिन लाभुकों का राशन कार्ड निरस्त किया गया है, वे राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत आच्छादित हैं। विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, अयोग्य कार्ड धारक निरस्त होने के बाद एनएफएसए में अब तक 3,17,575 राशन कार्ड क्रिएट हो चुके हैं। यानी भविष्य में इसमें योग्य लाभुकों को जोड़ा जाएगा।
नक्सलियों ने किये एक के बाद एक लगातार तीन धमाके, एक रेलकर्मी की मौत, एक घायल
सबसे ज्यादा निरस्त कार्ड ऐसे हैं, जिनके नाम से बने लाभुकों की मृत्यु हो चुकी है। इसमें कुल 2.54 लाख (2,54,887) में से 1.44 लाख (1,44,567) यानी 57 % कार्ड रद्द हुए है। वहीं, चल रही जांच में कुल 5,489 कार्ड के प्रमुख जीवित पाए गए हैं। हालांकि विभाग दोबारा इसकी जांच करा रहा है। शेष 1.04 लाख (1,04,831) की जांच होनी बाकी है। इस कैटेगरी में सबसे अधिक धनबाद से 12,561, दुमका से 11,581, रांची से 11,169 और पूर्वी सिंहभूम से 9,038 कार्ड निरस्त हुए हैं।
100 साल से ऊपर और 18 साल से नीचे के प्रमुख वाले 1,67,504 कार्ड में से 8381 (5.0 %) निरस्त हुए हैं। पीडीएस कंट्रोल ऑर्डर कहता है कि राशन कार्ड परिवार की महिला प्रमुख के नाम से ही बनेगा, लेकिन उसकी आयु 18 साल से ऊपर की होनी चाहिए।
भागलपुर में बड़ा सड़क हादसा, कांवरियों से भरी पिकअप वैन पानी में गिरी, 5 की मौत
छह माह से राशन का उठाव नहीं करने वाले 8,02,685 कार्ड में से 97,867 कार्ड (12.19 %) रद्द हुए।
दोहरा लाभ ले रहे कुल 2,00,716 में से 7,529 (3.75 %) कार्ड रद्द किए गए हैं। दोहरा लाभ का आशय है कि राष्ट्रीय राशन कार्ड पोर्टेबिलिटी योजना के तहत लाभुक एक ही आधार कार्ड पर या तो राज्य के अंदर के दो जिलों में या झारखंड एवं अन्य राज्यों (राजस्थान, उत्तर प्रदेश) से राशन का उठाव कर रहे हैं।
राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना सीधे-सीधे राशन कार्ड से जुड़ी है। योजना में 2500 रुपए का आर्थिक लाभ वर्ष 18 से 50 साल की उन्हीं महिलाओं को मिलता है, जिसका नाम कार्ड में जुड़ा है। ऐसे में रद्द हुए 2,58,344 राशन कार्ड से जहां कई महिला लाभुक मंईयां योजना से बाहर हो सकती है, वहीं, क्रिएट 3,17,575 राशन कार्ड जब नए लाभुकों का बनता है, तो उसमें शामिल हुई योग्य महिला लाभुक मंईयां योजना के लिए आवेदन कर पाएंगी।




