लोहरदगा: लोकसभा चुनाव में लोहरदगा सीट कांग्रेस की झोली में डालने वाले सुखदेव भगत ने लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र में जनता के लिए आभार यात्रा निकाली। इस दौरान सड़कों पर पटाखे फोड़कर, मिठाईयां बांटकर खूब जश्न मनाया गया।

कांग्रेस के नवनिर्वाचित सांसद ने अपने क्षेत्र के मतदाताओं का हाथ जोड़कर धन्यवाद दिया और उनका अभिवादन स्वीकारा। शहर के कई भागों में घूमकर उन्होने जनता के प्रति आभार जताया।

सुखदेव भगत के साथ आभार यात्रा में उनका परिवार के सदस्यों के साथ भारी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता विजय जुलूस में शामिल हुए। इस दौरान सड़को पर ढोल नगाड़े बजते रहे, पारंपरिक नृत्य के साथ महिलाएं नृत्य करती रही। इस दौरान सुखदेव भगत की पत्नी ने भी महिलाओं के साथ पारंपरिक नृत्य कर जीत का जश्न मनाया और जनता को आभार जताया।

आभार यात्रा के दौरान सुखदेव भगत ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि ये लोहरदगा की जनता की जीत है, क्योकि ये लड़ाई महागठबंधन ने नहीं, जनता ने लड़ी थी। लोकतंत्र बचाने के लिए, संविधान बचाने के लिए, आदिवासी अस्मिता को बचाने की लड़ाई लड़ी गई। हमने अहंकारी मोदी सरकार को लोहरदगा में माकूल जवाब दिया, अब यहां की आवाज संसद में गूंजेगी।







