रांची : कृष्णानगर ललगुटुवा के वासियों ने सांसद संजय सेठ से सड़क का निर्माण शीघ्र कराये जाने की मांग की है। कृष्णा नगर के वासियों ने अपने पत्र में लिखा है कि प्रस्तावित सड़क का उद्घाटन 30 जुलाई को ही किया गया था जिसमें स्थानीय विधायक नवीन जायसवाल और सांसद संजय सेठ दोनों ही मौजूद थे परंतु इतने दिन बीतने पर भी अभी तक सड़क बनाने का कार्य शुरू नहीं हो सका है ।उल्लेखनीय है कि यह एक महत्वपूर्ण सड़क है जो पुनदाग पुलिस थाना (अरगोड़ा कटहल मोड़ रोड)और गुमला रोड को जोड़ती है। फिलहाल हालत बहुत जर्जर है। इस सड़क का निर्माण लगभग 10 वर्ष पहले किया गया था। इसके बाद सड़क का पुनः निर्माण फिर कभी नहीं किया गया जबकि इसके अगल-बगल के सारे सड़कों का पुनः निर्माण कार्य कई बार किया जा चुका है।
यह सड़क इस क्षेत्र में रहने वालों के लिए जीवनरेखा ( lifeline) है और जिसकी कुल लंबाई 1.80 किलोमीटर है।1932 के खतियान में भी इस सड़क का उल्लेख किया गया है।
यह सड़क प्रशासनिक दृष्टिकोण से भी काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि पुनदाग पुलिस थाना और नगड़ी थाना को शीघ्रता से जोड़ने वाली यह सड़क है।
यह सड़क इस क्षेत्र के आम अवाम को IBM, GSI और रिजर्व बैंक का मुख्यालय से सीधे जोड़ता है, जो सभी पुनदाग में अवस्थित है।
इसी सड़क Forest Research Centre, लालगुटवा अवस्थित है जो भारत सरकार का संस्थान है और यहां नियमित रूप से राज्यीय- अंतर्राज्यीय या अध्ययन गोष्ठी (सेमिनार) आयोजित किए जाते हैं । ऐसे सड़क से अन्य राज्यों में झारखंड की छवि धूमिल होती है।
इसी सड़क पर एक हिंदी समाचार पत्र का मुख्य प्रिंटिंग प्रेस भी है ,जहां प्रत्येक दिन सैकड़ों वाहन समाचार पत्रिका के परिचालन के लिए आते हैं।
इसी सड़क पर श्री कृष्ण मंदिर का भवन एवं भव्य चर्च भी अवस्थित है और यहां दूर-दूर से श्रद्धालु अनवरत आते रहते हैं।
कृष्णा नगर एवं उपरोक्त सभी भवनों कार्यालयों से आवागमन के लिए यह सड़क एकमात्र साधन है।
लेकिन अभी यह सड़क दुर्घटना बहुल हो चुका है ,सड़क इतनी खराब हो गई है कि आए दिन सड़क दुर्घटना होना आम बात हो चुकी है ।बरसात के दिनों में यह सड़क नारकीय दृश्य का अवलोकन कराता है।
सांसद और स्थानीय विधायक के उद्घाटन के 6 महीने बीत जाने के बाद भी सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।





































































































