लोहरदगा : अखिल भारतीय कायस्थ महासभा लोहरदगा के तत्वावधान में बुधवार को किस्को मोड़ स्थित सूर्य मंदिर परिसर में भगवान चित्रगुप्त की पूजा श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आयोजित की गई। इस अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में चित्रांश समाज के लोग एकत्र हुए। सभी ने विधि-विधान से भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना कर परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के बाद सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सामूहिक सहयोग का संदेश दिया गया।


न्याय और कर्म के प्रतीक हैं भगवान चित्रगुप्त
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान चित्रगुप्त को न्याय का देवता और मनुष्यों के कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाला देव माना जाता है। मान्यता है कि वे व्यक्ति के अच्छे-बुरे कर्मों का हिसाब रखते हैं और उसी के आधार पर न्याय करते हैं। कायस्थ समाज के आराध्य देव भगवान चित्रगुप्त की पूजा विशेष रूप से कार्तिक शुक्ल द्वितीया यानी यम द्वितीया के दिन की जाती है। इस दिन चित्रांश समाज के लोग कलम, दवात और बही-खाते की पूजा करते हैं। इसका उद्देश्य ज्ञान, लेखन, विवेक, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के महत्व को आत्मसात करना है।

कलम-दवात की पूजा से कर्मनिष्ठा का संदेश
चित्रगुप्त पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपने कर्मों के प्रति जवाबदेही और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भी संदेश देती है। भगवान चित्रगुप्त को स्मरण करते हुए समाज के लोगों ने आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहने तथा सामाजिक और राष्ट्रीय विकास में सक्रिय भूमिका निभाने पर बल दिया। सामूहिक भोज ने सामाजिक मेलजोल और पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया।

पूजा में सैकड़ों चित्रांशों ने निभाई भागीदारी
आयोजन में देवाशीष कार, गणेश लाल, राकेश सिन्हा गुड्डन, तन्मय सिन्हा, शशिकांत दास सिन्हा, विजय दास, डा. प्रेम प्रकाश सिन्हा, दिलीप पटनायक, सुमन दास, विकेश कुमार सिन्हा, श्यामा चरण सिन्हा, राजेश रंजन अंबष्ठा, रोहित सक्सेना, भास्कर सिन्हा, नीरज श्रीवास्तव, सुशील पटनायक, राजेश सहाय, राजन सिन्हा, संत शरण अंबष्ठा, सतीश दास, विक्रम अंबष्ठा, शेखर कुमार सिन्हा, कुणाल सिन्हा, अभिषेक पटनायक, दीपक कुमार श्रीवास्तव, नवीन कुमार अंबष्ठा, देवज्योति कार और मयंक अंबष्ठा सहित सैकड़ों की संख्या में चित्रांश समाज के लोग उपस्थित थे। सभी ने समाज की एकता और संगठन को मजबूत बनाने के साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।










