गुमला : सदर थाना क्षेत्र के डोमनडीह गांव में क्रेशर प्लांट के संचालन को लेकर उपजा विवाद हिंसक रूप ले लिया। क्रेशर प्लांट से जुड़े विवाद और कथित मारपीट से आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीण हरवे-हथियार से लैस होकर सकलदीप सिंह के घर पहुंच गए। ग्रामीणों ने घर में घुसकर जमकर हंगामा किया और गैराज में खड़ी थार गाड़ी समेत कई बाइकों में तोड़फोड़ कर दी। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव, थाना प्रभारी दिनेश कुमार और एसपी की क्यूआरटी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सकलदीप सिंह और उनके परिवार के सदस्यों को सुरक्षित घर से बाहर निकाला। इसके बाद ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया। करीब दो घंटे तक चली मशक्कत के बाद आक्रोशित ग्रामीण शांत हुए और वापस लौट गए। हालांकि घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्रेशर प्लांट में गिट्टी और पत्थर के परिवहन के लिए भारी वाहनों का लगातार परिचालन होता है। इससे गांव की सड़क पूरी तरह जर्जर हो गई है। भारी वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं भी होती हैं। ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसी मुद्दे को लेकर विवाद शुरू हुआ था। ग्रामीणों ने सकलदीप सिंह पर सुकरा उरांव और बंगरू करमा के साथ मारपीट करने, हथियार दिखाकर डराने तथा महिलाओं को गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इन आरोपों से ग्रामीणों में भारी आक्रोश था। ग्रामीण सकलदीप सिंह की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया है। मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।







