रांचीः गोंदलीपोखर बाजार से हाइवा चोरी कर भाग रहे दो नाबालिगों को अनगड़ा और राहे पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 30 किलोमीटर दूर सताकी से गिरफ्तार कर लिया। दोनों की उम्र 14 से 15 साल के बीच बतायी जा रही है। इतनी कम उम्र में भारी कमर्शियल वाहन चुराकर लंबी दूरी तक चलाने की घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। वाहन मालिक तुरुप निवासी राजकुमार महतो के आवेदन पर अनगड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
पूछताछ के बाद रविवार को दोनों नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे गोंदलीपोखर बाजार में हाइवा जेएच 01 डीबी 5634 खड़ी थी। इसी दौरान दोनों नाबालिग वाहन स्टार्ट कर टाटीसिलवे-राहे सड़क मार्ग होते हुए सताकी की ओर भाग निकले। टाटीसिलवे के पास वाहन मालिक के एक परिचित ने हाइवा जाते देखा और तुरंत राजकुमार महतो को सूचना दी। इसके बाद वाहन मालिक ने जरगा और पैका गांव के परिचितों से संपर्क कर वाहन रोकने का आग्रह किया। ग्रामीणों ने सड़क पर अवरोधक लगाकर हाइवा रोकने की कोशिश की, लेकिन नाबालिग तेज रफ्तार में अवरोधकों को पार कर आगे निकल गये। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और सताकी के पास घेराबंदी कर दी। अनगड़ा और राहे पुलिस की संयुक्त टीम ने हाइवा को रोक कर दोनों नाबालिगों को हिरासत में ले लिया। घटना ने स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि रास्ते में कोई बड़ा हादसा हो जाता तो गंभीर जनहानि हो सकती थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों नाबालिगों ने वारदात अपने स्तर की या इसके पीछे किसी आपराधिक गिरोह का हाथ है। मामले की जांच जारी है।


