गुमला : जिले के घाघरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पोड़ी सरना गांव के समीप सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान पोड़ी गांव निवासी दीपक खेरवार (20) और अजीत उरांव (20) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार दोनों युवक बाइक से आदर गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से लौटने के दौरान पोड़ी सरना गांव के पास उनकी बाइक की टक्कर एक अज्ञात वाहन से हो गई।
रांची के हिंदपीढ़ी इलाके में निकाय चुनाव के वोटिंग के दौरान जमकर मारपीट, पुलिस ने संभाला मोर्चा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोट लगने से घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। घाघरा थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह और एएसआई गणेश दास पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने जांच-पड़ताल कर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश में जुट गई है। इधर, ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और नियमित गश्ती बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।




