रांचीः राजधानी रांची के बेड़ो में शुक्रवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बेड़ो थाना क्षेत्र के तुको खूंटी मोड़ के पास 10 साल की छात्रा को ओमनी कार ने टक्कर मार दी। कार करीब 150 मीटर तक छात्रा को घसीटते हुए ले गई और खेत में जाकर पलट गई। मृतक छात्रा की पहचान बेड़ो के खूंटी टोली निवासी मनोहर उरांव की पुत्री सुचिता उरांव 10 वर्ष के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

मिली जानकारी के अनुसार सुचिता उरांव प्रतिदिन की तरह खूंटी टोली अपने गांव से कोचिंग पढ़ने के लिए पैदल जा रही थी। इसी दौरान लोहरदगा की ओर से तेज गति से आ रही एक मारुति ओमनी वैन ने तुको खूंटी टोली मोड़ के समीप छात्रा को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन बच्ची को करीब 150 मीटर तक घसीटते हुए ले गई और सड़क किनारे खेत में अनियंत्रित होकर छात्रा के ऊपर ही पलट गई। इस दर्दनाक घटना में सुचिता की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं घटना के बाद आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से स्वजनों ने छात्रा को इलाज के लिए बेड़ो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
वहीं घटना की सूचना पर बेड़ो थाना प्रभारी कफील अहमद एएसआई अक्षय कुमार सिंह व आशीष कुमार बेड़ो सीएचसी पहुंचे और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं थाना प्रभारी ने बताया कि मामले को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
नवोदय की कर रही थी तैयारी, स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल
स्वजनों के अनुसार, मृतक सुचिता उरांव उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, खूंटी टोली बेड़ो की 5वीं कक्षा की छात्रा थी और आगे चलकर नवोदय विद्यालय में नामांकन के लिए कड़ी मेहनत से तैयारी कर रही थी। पढ़ाई में होनहार बच्ची के असमय चले जाने से माता-पिता समेत पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की खबर मिलते ही स्वजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इधर घटना की सूचना मिलते ही बेड़ो थाना पुलिस के एएसआई अक्षय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने घटना की जानकारी ली।
स्थानीय लोगों में आक्रोश और शोक
इस हृदयविदारक घटना से तुको और खूंटी टोली इलाके के लोग गहरे सदमे में हैं। ग्रामीणों ने तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और मोड़ के पास सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।







