चतरा : सदर थाना क्षेत्र के बरैनी पंचायत अंतर्गत घूरनाडीह गांव स्थित तड़गू नदी चटनिया में शुक्रवार को करीब 10:00 बजे पूर्वाह्न उस समय सनसनी फैल गई, जब नदी से दो बच्चों के शव बरामद हुए। दोनों बच्चों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। वहीं, उनके साथ नदी में नहाने पहुंचे तीसरे बच्चे का भी पता नहीं चल पाया है। उसके नदी में डूबने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार तीन बच्चे तड़गू नदी में नहाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान दो बच्चे नदी के गहरे पानी में चले गए और डूब गए। कुछ देर बाद नदी में दो बच्चों के शव दिखाई दिए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना सदर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को नदी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शवों की पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है। घटनास्थल के पास ग्रामीणों को दो साइकिल, तीन जोड़ी चप्पल, दो बैग समेत अन्य सामान मिला है। पुलिस बरामद सामान के आधार पर बच्चों की पहचान कराने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बरामद सामान तीनों बच्चों का है या किसी अन्य का। दो शव मिलने के बाद तीसरे बच्चे की तलाश तेज कर दी गई है। वह नदी में डूबा है या किसी तरह वहां से निकलकर चला गया, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे जुट गए। पुलिस मामले की छानबीन के साथ तीसरे बच्चे का पता लगाने में जुटी हुई है।







