रांची: तुपुदाना थाना क्षेत्र में रविवार को एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर तुपुदाना थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।
दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। वहीं यह भी चर्चा है कि महिला को किसी वाहन से कुचलकर मौत के घाट उतारा गया है। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मृतका की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।







