रांचीः झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी थम नहीं रही है। अब एसएससी जीडी कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। इस मामले में टाटीसिलवे स्थित जीनियस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी ऑनलाइन परीक्षा केंद्र से एक अभ्यर्थी समेत छह लोगों को हिरासत में लिया गया। ये सभी बिहार के बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक परीक्षा के दौरान केंद्र अधीक्षक को अभ्यर्थी की गतिविधि संदिग्ध लगी। उससे पूछताछ की गई तो शक की सुई एक इनविजिलेटर तक पहुंची। उन्हें तत्काल परीक्षा प्रक्रिया से अलग कर दिया गया। आरोप है कि इनविजिलेटर को गड़बड़ी की जानकारी थी, लेकिन उन्होंने इसकी सूचना केंद्र अधीक्षक को नहीं दी। इस मामले में दोनों की मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। अभ्यर्थी और इनविजिलेटर को हिरासत में लेकर देर रात तक पूछताछ के आधार पर चार अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आईटी सेल की मदद से पता लगाया जा रहा है कि परीक्षा केंद्र पर इंटरनेट सक्रिय था या नहीं।
25,487 पदों पर होनी हैं भर्ती
एसएससी जीडी परीक्षा के माध्यम से बीएसएफ, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, एसएसबी, असाईटीबीपी व असम राइफल्स में 25,487 पदों पर कॉन्स्टेबल की भर्ती होनी है। इसके लिए एक दिसंबर से 31 दिसंबर 2025 तक आवेदन लिए गए थे। 25 अप्रैल से परीक्षा चल रही है। तीन शिफ्ट में संचालित होनेवाली परीक्षा में अलग-अलग राज्यों में अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। लिखित (कंप्यूटर बेस्ड) परीक्षा में पास होनेवाले शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षा में शामिल होंगे।

