रांचीः मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, झारखंड में आज मौसम का मिजाज फिर बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जिसका असर राज्य के कुछ हिस्सों में देखने को मिल सकता है।रविवार को रांची में बादल छाये रहेंगे और कहीं-कहीं वज्रपात के साथ हल्की व मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र ने गढ़वा, पलामू, चतरा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में वज्रपात के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी है। इन जिलों में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।
पांच जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
वहीं, 24 अगस्त को गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग और लातेहार में वज्रपात के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गयी है। शनिवार को सबसे अधिक लोहरदगा में पांच मिमी बारिश दर्ज की गयी। रांची में कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई। इस बीच झारखंड में अब भी सामान्य से 13 प्रतिशत कम बारिश हुई है। एक जून से 22 अगस्त तक सामान्यत: 730.5 मिमी बारिश होती है।लेकिन, अब तक यहां 638.7 मिमी बारिश हुई है। जबकि, पांच जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई. इनमें पश्चिमी सिंहभूम में 41 प्रतिशत, सिमडेगा में चार, सरायकेला में पांच, रांची में तीन व खूंटी में पांच प्रतिशत अधिक बारिश हो गयी है।
25 और 26 अगस्त ऐसा रहेगा मौसम
झारखंड में 25 और 26 अगस्त को कई इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने 22 से 26 अगस्त तक खराब मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। इस दौरान लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने तथा आकाशीय बिजली के समय सुरक्षित स्थान पर रहने की अपील की गई है। तेज बारिश के कारण निचले इलाकों में जलजमाव और सड़कों पर फिसलन की स्थिति भी बन सकती है।







