रांचीः जमशेदपुर के पब में हुए हत्याकांड के बाद रांची पुलिस अलर्ट मोड में दिखी। गुरुवार रात शहर के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस ने अपने-अपने इलाके के पब और बार में एक साथ छापेमारी की।इस दौरान बारों के लाइसेंस, संचालन व्यवस्था, निर्धारित समय, हुक्का परोसने और नाबालिगों को शराब उपलब्ध कराने जैसे मामलों की गहन जांच की गई।कार्रवाई के दौरान कई बारों में अनियमितताएं सामने आईं, जबकि कुछ स्थानों पर पुलिस के पहुंचते ही लोग बाहर निकलकर भागने लगे।इस विशेष अभियान में सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, ट्रैफिक एसपी, एसडीएम सहित कई डीएसपी और विभिन्न थाना प्रभारियों की टीम मौजूद रही।

बी ग्रेड बारों को किया चिह्नित
पुलिस ने मुख्य रूप से शहर के बी ग्रेड बारों को चिह्नित कर कार्रवाई की। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे बारों में अक्सर आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का जमावड़ा लगता है, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है।छापेमारी के दौरान कई बारों के लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों में गड़बड़ी पाई गई। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ बारों में नाबालिगों को शराब परोसी जा रही थी, जो कानून का गंभीर उल्लंघन है।
इसके अलावा निर्धारित समय से अधिक देर तक बार संचालित करने और हुक्का परोसने जैसी शिकायतों की भी जांच की गई।पुलिस अधिकारियों ने सभी बार संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिन बारों में अनियमितताएं मिली हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।रांची पुलिस की यह कार्रवाई हाल ही में जमशेदपुर के एक बार में हुए विवाद के बाद हुई हत्या की घटना के बाद और अधिक सख्ती के तहत की गई है।पुलिस का मानना है कि बारों में सुरक्षा व्यवस्था, नियमों के पालन और अवैध गतिविधियों पर समय रहते नियंत्रण जरूरी है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
जारी रहेगा अभियान
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि यह केवल एक दिन का अभियान नहीं है, बल्कि आगे भी प्रतिदिन इस तरह की जांच और छापेमारी जारी रहेगी।उन्होंने कहा कि जिस भी बार में हुक्का परोसने, निर्धारित समय से अधिक संचालन करने, नाबालिगों को शराब उपलब्ध कराने अथवा अन्य नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होगी, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि रांची पुलिस शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और बारों के संचालन को पूरी तरह नियमों के अनुरूप सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान चलाती रहेगी।


