पलामू : जिले के ऊंटारी रोड रेलवे स्टेशन पर बुधवार को सटल ट्रेन में चोरी कर एक महिला को यात्रियों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद यात्रियों ने रेल पुलिस को सूचना देकर महिला को उसके हवाले कर दिया। घटना के बाद स्टेशन पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन में सफर के दौरान यात्रियों को महिला की गतिविधियों पर संदेह हुआ। इसके बाद उसे चोरी करते हुए पकड़ लिया गया। यात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए रेल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर रेल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। फिलहाल पुलिस महिला से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।

ट्रेन और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के मामले सामने आते रहते हैं। ऐसे में रेल पुलिस ने यात्रियों से सतर्क रहने और अपने सामान व कीमती वस्तुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के रेड़मा स्थित काली मंदिर में भी चोरी करते एक महिला को पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ा था। उस मामले में पुलिस ने आरोपित महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।





