लोहरदगा: झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आज उपायुक्त संदीप कुमार मीना, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी सहित जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने समाहरणालय परिसर स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके आदर्शों एवं विचारों को आत्मसात करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।
रन फॉर क्लीननेस का हुआ आयोजन
माल्यार्पण के उपरांत जिला स्तर पर ‘रन फॉर क्लीननेस’ का आयोजन किया गया। उपायुक्त ने हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को समाहरणालय मैदान से रवाना किया। यह दौड़ बाबा साहेब अंबेदकर चौक, पुलिस अधीक्षक आवास, रेलवे स्टेशन मोड़ एवं रेलवे ब्रिज के नीचे से होते हुए भक्सो छठ घाट (कोयल नदी) पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें खिलाड़ियों, स्थानीय युवक-युवतियों एवं पुलिस जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
भक्सो छठ घाट पर चलाया गया स्वच्छता अभियान
दौड़ के समापन के उपरांत उपायुक्त सहित जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं प्रतिभागियों ने भक्सो छठ घाट (कोयल नदी) पर साफ-सफाई अभियान चलाया। इस दौरान आमजनों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अपने आसपास के क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया।
विजेता प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
आयोजित दौड़ के पुरुष वर्ग में आनंद महतो, अभिनव उरांव एवं वाहिद अंसारी क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे। वहीं महिला वर्ग में सीमा कुमारी, अर्चना उरांव एवं ममता उरांव ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया। नगर परिषद की ओर से परदेशी उरांव, रीना देवी एवं रमीज रजा को बेहतर सफाई कर्मी के रूप में सम्मानित किया गया। सभी विजेताओं को उपायुक्त द्वारा शील्ड एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

दिलाई गई स्वच्छता की शपथ
कार्यक्रम के अंत में समाहरणालय परिसर में उपायुक्त ने उपस्थित जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का संदेश दिया।
इस आयोजन का उद्देश्य राज्य स्थापना दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा सामूहिक सहभागिता के माध्यम से स्वच्छ एवं सुंदर लोहरदगा के निर्माण का संकल्प मजबूत करना रहा।
भगवान बिरसा मुंडा जयंती की शुभकामनाएं
इस अवसर पर उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने समस्त जिलावासियों को झारखंड राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 26 वर्षों की इस विकास यात्रा में झारखंड ने अनेक उपलब्धियां हासिल की हैं और निरंतर प्रगति एवं सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। लोहरदगा जिला भी शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आधारभूत संरचना, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य एवं जिले के समग्र विकास के लिए जनभागीदारी, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग, साहस एवं आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए हम सभी को विकसित, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर झारखंड के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

आज के कार्यक्रम में परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा समेत सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, नगर परिषद की टीम, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की टीम, बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।





