रांची : झारखंड की राजधानी रांची के एदलहातू इलाके में बच्चा चोरी की अफवाह ने गुरुवार सुबह उग्र रूप ले लिया। बरियातू थाना क्षेत्र में कुछ स्थानीय लोगों ने शक के आधार पर दो महिलाओं और एक पुरुष को पकड़ लिया और उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना के बाद इलाके में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीनों व्यक्ति मोहल्ले में घूमते नजर आए थे। इसी दौरान कुछ लोगों को उन पर बच्चा चोरी के इरादे से आने का संदेह हुआ। देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई और बिना किसी पुष्टि के मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान एक महिला को गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही बरियातू थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने काफी प्रयास के बाद भीड़ को शांत कराया और घायल महिला समेत तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब तक बच्चा चोरी की किसी भी घटना की पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




