तिरुअनंतपुरम: जहां पर्यटक पिकनिक मनाते हैं वहां पर 18 फीट लंबा किंग कोबरा कुंडली मारे बैठा था । इतना खतरनाक और जहरीला सांप देख किसी के भी होश फाख्ता हो जाएंगें लेकिन रोशनी जीएस के लिए किंग कोबरा को पकड़ना मानो बाएं हाथ का खेल है । देखते ही देखते वर्दीधारी रोशनी जीएस ने किंग कोबरा को अपने काबू में कर लिया।
18 फीट लंबे किंग कोबरा को रोशनी ने पकड़ा
केरल के पेप्पारा के अंचुमारुथुमूट इलाके में सोमवार को एक बेहद खतरनाक और 18 फीट लंबा किंग कोबरा स्थानीय लोगों द्वारा देखे जाने के बाद वन विभाग की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू किया। इस साहसिक अभियान का नेतृत्व परुथिपल्ली रेंज की फॉरेस्ट बीट ऑफिसर रोशनी ने किया।
Forest Beat Officer Roshni of Paruthipalli Range did not flinch even after seeing this 18-foot long #KingCobra!
It was was caught by her from the residential area of Anchumaruthumoot, Peppara, Thiruvananthapuram, #Kerala, after locals bathing in the stream spotted it today. pic.twitter.com/37IdVsw3mx
— Rajan Medhekar (@Rajan_Medhekar) July 7, 2025
झरने में बैठा था किंग कोबरा
स्थानीय पर्यटक यहां पर झरने में स्नान कर रहे थे, जब विशालकाय किंग कोबरा को देखा तो होश उड़ गए । फौरन ही वन विभाग को सूचना दी गई। कुछ ही देर में रोशनी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और बिना डरे इस खतरनाक सांप को पूरी सावधानी और कुशलता के साथ पकड़ लिया।

देखते ही देखते किंग कोबरा का रेस्क्यू
इस दौरान फॉरेस्ट ऑफिसर रोशनी की निडरता और प्रोफेशनलिज़्म ने लोगों का दिल जीत लिया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि जब अधिकांश लोग सांप को देखकर घबरा गए, रोशनी ने बेहद शांति से रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया। किंग कोबरा को रेस्क्यू करने के बाद सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया।

पांच सौ सांप पकड़ चुकी है रोशनी
रोशनी ने 2017 में बीट फॉरेस्ट ऑफिसर के रूप में सेवा शुरू की थी। 2019 में वन विभाग द्वारा उन्हें सांप पकड़ने का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। तब से अब तक रोशनी ने अनेक खतरनाक सांपों जैसे अजगर, वाइपर और कोबरा को सफलतापूर्वक पकड़ा है। रोशनी ने पांच सौ से अधिक सांपों को सुरक्षित रेस्क्यू कर वापस आबादी से दूर छोड़ा है ।
सांपों की सुरक्षा कवच है रोशनी
रोशनी कहती हैं कि अधिकांश सांप मानव बस्तियों में फंस जाते हैं और घबराए लोग उन्हें मार देते हैं। ऐसे में रेस्क्यू टीम की जिम्मेदारी होती है कि उन्हें सुरक्षित ढंग से पकड़ा जाए और उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जाए। वन विभाग ने सांप रेस्क्यू किट भी उपलब्ध कराया है जिससे हर रेस्क्यू सावधानी और वैज्ञानिक तरीके से किया जाता है।
दो बच्चों की मां है रोशनी
रोशनी के पति का नाम सजित कुमार है और उनके दो बच्चे हैं। उन्होंने खुद रेपिड रिस्पॉन्स टीम में स्थानांतरण का अनुरोध किया था, ताकि वह वन्यजीवों के बचाव और पुनर्वास के मिशन का हिस्सा बन सकें।
सबसे खतरनाक सांप है किंग कोबरा
किंग कोबरा दुनिया का सबसे लंबा विषैला सांप होता है, इसकी लंबाई 18 फीट तक हो सकती है और आमतौर पर इंसानों से दूर रहना पसंद करता है लेकिन मानव बस्तियों के पास पहुंचने पर खतरा पैदा हो सकता है। इसका जहर बेहद ही खतरनाक माना जाता है । फौरन इलाज शुरु नहीं हुआ तो मौत तय है ।




