हज़ारीबाग: जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र स्थित रित्विक कंपनी के गेट पर अज्ञात अपराधियों द्वारा फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। यह घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। फायरिंग की इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है। घटना के बाद सोशल मीडिया के माध्यम से एक कथित प्रेस रिलीज जारी कर राहुल दुबे गैंग ने इस गोलीबारी की जिम्मेदारी ली है। जारी किए गए संदेश में दावा किया गया है कि कंपनी के गेट पर 8 से 10 राउंड गोलियां चलाई गई हैं। संदेश में इस घटना को महज ट्रेलर करार देते हुए कंपनी प्रबंधन को कड़ी चेतावनी दी गई है।

प्रेस रिलीज किया जारी
कथित प्रेस रिलीज में कहा गया है कि यदि कंपनी की ओर से जल्द से जल्द उनकी मांगों या कहे मुताबिक़ व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है.।संदेश में कंपनी के कार्यालय, स्टाफ और मुंशी को निशाना बनाने, कार्यस्थल पर बम फेंकने, सभी साइटों को बंद कराने तथा स्टाफ को गंभीर नुकसान पहुंचाने जैसी धमकियां दी गई हैं। इस संदेश में राहुल दुबे के अलावा अमन साहू, मयंक सिंह और प्रकाश शुक्ला जैसे नामों का भी जिक्र किया गया है।





