रांचीः सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर लगे नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस की जांच तेजी से चल रही है। सिमडेगा पुलिस ने इस मामले में पीड़ित को डराने-धमकाने और दवाब बनाकर विधायक के खिलाफ गलत गवाही दिलाने के आरोप में कांग्रेस पार्टी के पूर्व नेता दिलीप तिर्की को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सिमडेगा के पाकरटांड थाना में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दिलीप तिर्की को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस मामले में एक अन्य आरोपी पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
बता दें कि 13 नवंबर को नाबालिग ने रांची के विधानसभा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराकर विधायक भूषण बाड़ा और उनकी बहन एमा बाड़ा के साथ विधायक की पत्नी जोसिमा खाखा के खिलाफ पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कराया था। वहीं नाबालिग के दादा ने सिमडेगा के पाकरटांड थाना में नाबालिग को अगवा कर डरा-धमका कर विधायक पर के खिलाफ गलत गवाही दिलाने के मामले में दिलीप तिर्की और अभिषेक भारती के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया था। पीड़ित नाबालिग अभी चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के संरक्षण में है। सिमडेगा पुलिस इस मामले को लेकर लगातार रांची में कैंप किये हुए है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, किशोरी बाल संरक्षण आयोग और बीएनएस की धारा 183 के तहत न्यायालय में दर्ज बयान में पूर्व में दिये गये बयान से पलट गई है। कांग्रेस पार्टी के विधायक इस पूरे मामले को अपने खिलाफ एक बड़ी साजिश बता रहे है। एक ओर बीजेपी और जेएलकेएम इस मामले को लेकर कांग्रेस विधायक के खिलाफ मोर्चा खोलकर बैठी है तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के बाद जेएमएम भी इस मामले को साजिश की तरह देख रही है। कांग्रेस और जेएमएम विधायकों का कहना है कि जबतक जांच पूरी नहीं हो जाती तब तक भूषण बाड़ा को दोषी नहीं माना जा सकता।




