रांचीः आदिवासी नेत्री निशा भगत की आत्महत्या के मामले में पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई की है। पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया गया है। हालांकि, उनकी भूमिका भी जांच के दायरे में है। निशा भगत के पिता हांदु भगत की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। रांची एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम (SIT) मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
दो आरोपी नामजद, थाना प्रभारी की भूमिका की भी जांच
इस मामले में ज्योत्सना केरकेट्टा और अजय तिर्की को नामजद आरोपी बनाया गया है। दोनों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि निशा भगत की मौत से जुड़े घटनाक्रम में किन लोगों की क्या भूमिका रही और शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।

डीएसपी अमर कुमार पांडे कर रहे SIT का नेतृत्व
बता दें कि आदिवासी नेत्री और सामाजिक कार्यकर्ता निशा कुमारी भगत की आत्महत्या मामले की जांच का जिम्मा डीएसपी (मुख्यालय-1) अमर कुमार पांडे को सौंपा गया है। एसएसपी के निर्देश पर गठित एसआईटी उनके नेतृत्व में मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है।
निशा भगत के पिता हुंडू भगत की शिकायत पर पिठोरिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा समेत अन्य लोगों को नामजद किया गया है। एसआईटी अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।








