पलामूः जिले के नीलांबर-पीतांबरपुर क्षेत्र अंतर्गत बसौरा गांव में आयोजित एक निजी उद्घाटन समारोह के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस टीम राजू तिर्की उर्फ आयुष तिर्की को दो काली गाड़ियों के साथ शहर थाना लेकर पहुंची, जहां उससे गहन पूछताछ की गई। इस दौरान उसके पास मौजूद हथियारों और वाहनों के दस्तावेजों की भी बारीकी से जांच की गई। काफिले में मौजूद दो व्यक्ति बॉडीगार्ड के रूप में काम कर रहे थे. उनके पास से उत्तर प्रदेश के लाइसेंसी हथियार मिले।


पुलिस वेरिफिकेशन में पता चला कि इन दोनों लाइसेंसी हथियारों के बारे में पलामू जिला प्रशासन और पलामू पुलिस को कोई जानकारी साझा नहीं की गई थी, न ही स्थानीय थाने को कोई सूचना दी गई थी। पूरे मामले में राजू तिर्की को मेदिनीनगर टाउन थाना लाया गया है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि रौब दिखाने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही है। उत्तर प्रदेश के दो लाइसेंसी हथियार मिले हैं, जिनकी पलामू में कोई एंट्री नहीं है और न ही कोई जानकारी साझा की गई है। दोनों हथियार जब्त कर लिए गए हैं और लाइसेंस की सत्यता की जांच की जा रही है।
एसपी ने कहा कि पुलिस ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त है। उन्हें चिन्हित करके कार्रवाई की जा रही है। पलामू पुलिस शांति-व्यवस्था और सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठा रही है। दरअसल, राजू तिर्की का काफिला लेस्लीगंज के बसौरा इलाके में एक प्राइवेट कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचा था। मौके पर पलामू पुलिस की एक बड़ी टीम पहुंची और पूछताछ शुरू की. पूछताछ के बाद राजू तिर्की को टाउन थाना लाया गया।








