- Advertisement -
cm-dipawali-bannercm-dipawali-banner

रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में दोनों भाइयों पर जानलेवा हमला, 12 लोगों ने घेरकर लोहे की रॉड से सिर फोड़ा, FIR दर्ज

Picture of Live Dainik

Live Dainik

November 12, 2026

रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में दोनों भाइयों पर जानलेवा हमला, 12 लोगों ने घेरकर लोहे की रॉड से सिर फोड़ा, FIR दर्ज

रांचीः राजधानी रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में आपसी विवाद को लेकर हिंसक झड़प का एक गंभीर मामला सामने आया है। हुंडरू के हरिजन मोहल्ले में 12 लोगों पर दो सगे भाइयों को घेरकर जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है।आरोप है कि हमलावरों ने दोनों भाइयों पर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला किया।

मारपीट में एक भाई का सिर फट गया और उसके चेहरे से काफी खून बहने लगा। वहीं, दूसरे भाई की छाती, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों पर बेरहमी से वार किया गया। आरोप है कि मारपीट के दौरान एक आरोपी ने रिवॉल्वर निकालकर दोनों भाइयों पर गोली भी चलाई, लेकिन गोली मिसफायर हो गई। इसके बाद दोनों भाई किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागे और पुलिस के पास पहुंचे।

FIR दर्ज
इस मामले में मनीष लोहरा ने एयरपोर्ट थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने 9 नवंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिकी में 12 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।

चाउमिन खा रहे थे दोनों भाई, तभी पहुंच गए 12 आरोपी
प्राथमिकी में मनीष लोहरा ने बताया है कि 4 नवंबर 2026 को वह अपने भाई संजय लोहरा के साथ हुंडरू स्थित हरिजन मोहल्ले में एक दुकान पर बैठकर चाउमिन खा रहे थे। यह दुकान एसटीएस मिशन स्कूल के ठीक बगल में बबलू राशन दुकान के पास स्थित है। इसी दौरान उनके गांव के रहने वाले कुछ लोग वहां पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने दोनों भाइयों को चारों तरफ से घेर लिया। उन्हें संभलने या कुछ समझने तक का मौका नहीं दिया गया। सभी आरोपी एकजुट होकर दोनों भाइयों पर हमला करने लगे।

See also  लोहरदगा में रफ्तार का कहर, SP आवास के पास कार डिवाइडर पर चढ़ी, एक की मौत, चार घायल

सुमित नायक ने ललकारा- दोनों को जान से मार डालो
शिकायत के अनुसार, सुमित नायक ने अन्य आरोपियों को ललकारते हुए कहा कि दोनों को जान से मार डालो। इसके बाद सभी आरोपियों ने अपने हाथों में लिए लोहे की रॉड और लाठी-डंडे से दोनों भाइयों पर हमला शुरू कर दिया। आरोप है कि सुमित नायक ने संजय लोहरा को पकड़ लिया। इसके बाद राजकुमार नायक, लुलु नायक, अभिषेक नायक और प्रिंस नायक ने लाठी-डंडे से हमला किया।

वहीं विशाल नायक और साहिल नायक समेत अन्य आरोपियों ने लोहे की रॉड से संजय की छाती, पीठ और शरीर के दूसरे हिस्सों पर लगातार वार किए। मारपीट के दौरान संजय जमीन पर गिर गए। आरोप है कि जमीन पर गिरने के बाद भी हमलावरों ने उन्हें नहीं छोड़ा। उनके ऊपर चढ़कर लात-घूंसे और रॉड से हमला करते रहे। इस दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए पूरे परिवार को जान से मारकर खत्म करने की धमकी भी दी।

मनीष के सिर पर रॉड से कई वार, बहने लगा खून
प्राथमिकी में मनीष लोहरा ने आगे बताया है कि इसी दौरान सुमित नायक ने उनके सिर पर लोहे की रॉड से जोरदार हमला किया। इससे वह जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद राजकुमार, अभिषेक, अजीत, सुजीत, मनोज, प्रिंस, विशाल, वीरेन और साहिल समेत अन्य आरोपियों ने उनके सिर पर लोहे की रॉड से लगातार कई वार किए। हमले में उनका सिर फट गया और दाहिनी आंख के सामने भी चोट लगी। सिर से काफी खून बहने लगा। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपियों ने शरीर के महत्वपूर्ण अंगों को निशाना बनाकर जानलेवा हमला किया, जिससे दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।

See also  बिहार में IPS अधिकारी को बॉडीगार्ड और ड्राइवर ने बीच रास्ते में छोड़ दिया, डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचे थाना

बाइक तोड़ी, मोबाइल छीना और पांच हजार रुपये भी निकाले
मारपीट के दौरान आरोपियों ने दोनों भाइयों की मोटरसाइकिल को पत्थर और लोहे की रॉड से पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मनोज नाम के आरोपी ने मनीष के पर्स से पांच हजार रुपये निकाल लिए। उनका मोबाइल फोन भी छीनकर तोड़ दिया गया।

रिवॉल्वर निकालकर चलाई गोली, लेकिन मिसफायर हो गई
आरोप यह भी है कि मारपीट के दौरान एक आरोपी ने अपने पास से रिवॉल्वर निकाली और दोनों भाइयों की तरफ गोली चला दी। हालांकि, गोली मिसफायर हो गई। इसके बाद दोनों भाई किसी तरह वहां से भागे और खेत के रास्ते अपनी जान बचाते हुए थाना पहुंचे। मनीष ने अपनी शिकायत में कहा है कि आरोपियों ने जिस तरह दोनों भाइयों को घेरकर सिर और शरीर के महत्वपूर्ण अंगों पर लोहे की रॉड से हमला किया तथा रिवॉल्वर से गोली चलाई, उससे यह प्रतीत होता है कि वे उन्हें जान से मारना चाहते थे।

पहले भी घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप
मनीष लोहरा ने प्राथमिकी में पुरानी दुश्मनी का भी जिक्र किया है। उनके अनुसार, वर्ष 2025 में दीपावली के दूसरे दिन भी इन्हीं आरोपियों ने उनके घर में घुसकर उनके और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की थी। उस घटना में भी जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया गया था। इस पुराने मामले को लेकर न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी इला कंडपाल की अदालत में मुकदमा लंबित है।

See also  धौनी से 15 करोड़ की ठगी मामले में पुराने दोस्त को समन जारी

शिकायत में बताया गया है कि उस घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। दोनों मामले जीआर केस नंबर 894/2026 और 895/2026 के रूप में दर्ज हैं। मनीष का आरोप है कि पुराने मामले के बावजूद आरोपियों का मनोबल कम नहीं हुआ और उन्होंने एक बार फिर पूरे परिवार को निशाना बनाया। इस बार लोहे की रॉड से सिर पर हमला करने के साथ गोली चलाकर हत्या करने की कोशिश की गई। उन्होंने अपने और परिवार के सदस्यों की जान-माल की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।

इन 12 लोगों को बनाया गया नामजद आरोपी
प्राथमिकी में जिन लोगों के नाम शामिल हैं, उनमें सुमित नायक, राजकुमार नायक, अभिषेक नायक, प्रिंस नायक, विशाल नायक, लुलु नायक, अजीत नायक, सुजीत नायक, मनोज नायक(पिता-काशी नायक), मनोज नायक(पिता-सुधीर नायक), वीरेन नायक और साहिल नायक शामिल हैं। सभी आरोपी हुंडरू स्थित हरिजन मोहल्ले के रहने वाले बताए गए हैं।

आठ धाराओं में दर्ज हुई प्राथमिकी
घटना के बाद पुलिस ने दोनों भाइयों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, डोरंडा भेजा था। शिकायतकर्ता ने इलाज से संबंधित मेडिकल रिपोर्ट को भी जांच में शामिल करने की मांग की है। एयरपोर्ट थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 117(2), 126(2), 191(2), 303(2), 324(2), 351(2) और 352 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले के अनुसंधान की जिम्मेदारी सहायक अवर निरीक्षक एनएन चौधरी को सौंपी गई है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now