डेस्कः बिहार के आरा में गुरुवार की सुबह हथियारबंद अपराधियों ने क्षत्रीय कल्याण संगठन के अध्यक्ष रामकुमार सिंह की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। वारदात नवादा थाना क्षेत्र के महाराजा हाता-स्टेशन रोड इलाके में जैन कालेज के पास हुई। शरीर में सात-आठ जगह गोलियों के निशान पाए गए हैं। घटनास्थल से पांच-छह खोखा मिला है।
जानकारी के अनुसार, 70 वर्षीय रामकुमार सिंह गुरुवार की सुबह घर से टहलने निकले थे। इसी दौरान जैन कालेज के पास हथियारबंद अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी होकर गिर पड़े। इसके बाद स्थानीय लोग उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


कस्टम इंस्पेक्टर पद से हुए थे सेवानिवृत्त
रामकुमार सिंह मूल रूप से भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के झौंवा डुमरिया गांव के निवासी थे। वर्तमान में महाराजा हाता इलाके में रहते थे । वह कस्टम इंस्पेक्टर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।क्षत्रीय कल्याण संगठन की स्थापना के समय से ही वह अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनकी हत्या की खबर से परिचितों और संगठन से जुड़े लोगों में शोक व्याप्त है।
सुबह-सुबह हुई इस वारदात से शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। अपराधियों ने किस वजह से उनकी हत्या की और वारदात में कौन-कौन शामिल थे, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

मामले की जांच कर रही पुलिस
घटना के बाद सदर एसडीओ-1 सुशील कुमार, नवादा थानाध्यक्ष कुमार रजनीकांत और डीआईयू की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई। पुलिस स्वजन से पूछताछ कर अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए सुराग जुटा रही है। वहीं, एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित कर रही है।
भूमि विवाद में नामजद लोगों पर लगाया हत्या का आरोप
इधर, मृतक के पुत्र रमेश कुमार और पत्नी सुशीला देवी ने हत्या के पीछे भूमि विवाद को कारण बताया है। स्वजन ने इस मामले में नामजद लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पूर्व में भी धमकी दी गई थी। पुलिस स्वजन से पूछताछ और प्रारंभिक जांच के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है। हालांकि, हत्या के कारणों और आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है।

हत्या की जांच करने घटनास्थल पर पहुंचे एसपी, स्वजन से की पूछताछ
इधर, हत्या की सूचना मिलते ही भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित महाराजा हाता के कनकपुरी मोहल्ला स्थित घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के पुत्र राजेश कुमार और पत्नी सुशीला देवी से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली।साथ ही, घटनास्थल का निरीक्षण कर विभिन्न बिंदुओं पर जांच-पड़ताल की। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।





