पटनाः एक आईपीएस अधिकारी की पत्नी ने आत्महत्या की कोशिश की है। पारिवारिक कलह की वजह से फिनाइल पीने की बात सामने आ रही है। अधिकारी की पत्नी को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
ड्राइवर पुलिस की गाड़ी से लेकर पहुंचा IGIMS
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, उनके ड्राइवर ने गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे उन्हें पुलिस की गाड़ी से उन्हें पटना के IGIMS अस्पताल पहुंचाया था, जिसके बाद डॉक्टरों ने तुरंत उपचार शुरू किया।
IGIMS के इमरजेंसी के ट्रामा सेंटर में उन्हें करीब 2 घंटे तक रखा गया। उसके बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए महिला को दानापुर-सगुना मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में ट्रांसफर कर दिया गया। इस दौरान ड्राइवर के अलावा परिजन या कोई दूसरा वहां मौजूद नहीं था।
घटना की वजह अब तक स्पष्ट नहीं
इस घटना ने पुलिस महकमे में हलचल पैदा कर दी है। हालांकि, घटना के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। IPS अधिकारी की पत्नी ने आखिर इतना बड़ा घातक कदम क्यों उठाया, इसे लेकर संचय बना हुआ है। घटना के पीछे पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव या कोई अन्य वजह है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आगे की जानकारी जुटा रही है। पुलिस की जांच और परिजनों के बयान के बाद ही इस सवाल का जवाब मिल सकेगा।







