रांची: झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के पहले दिन बुधवार को राज्य में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की वर्तमान प्रक्रिया पर रोक लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया। वर्तमान एसआइआर की जगह पर संशोधित एसओपी तैयार कर नए सिरे से एसआईआर कराने, इसकी समय सीमा बढ़ाने तथा भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने का प्रस्ताव भी पारित हुआ।
राज्य सरकार द्वारा विधानसभा में इसे लेकर प्रस्तुत राजकीय संकल्प पर चर्चा के बाद ध्वनिमत से इन प्रस्तावों को पारित करते हुए इसे केंद्र के सक्षम प्राधिकार को भेजने पर सहमति दी गई। इससे पहले विपक्ष ने राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत राजकीय संकल्प का पुरजोर विरोध किया।
राधाकृष्ण किशोर ने रखीं सरकार की मांगें
सदन में संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सरकार का पक्ष रखते हुए SIR की प्रक्रिया पर सवाल उठाये। उन्होंने नयी सर्वदलीय मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग से जुड़ा प्रस्ताव रखा। सरकार का कहना था कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण इस तरह होना चाहिए कि किसी भी वैध मतदाता का नाम नहीं कटे और आम लोगों को दस्तावेज जमा करने में अनावश्यक परेशानी न हो।
प्रदीप यादव ने चुनाव आयोग की जवाबदेही पर उठाये सवाल
कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने मतदाता सूची से नाम हटाये जाने के मुद्दे पर चुनाव आयोग को घेरा। उन्होंने कहा कि वैध मतदाताओं के नाम हटाये जाने की किसी भी कार्रवाई को स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने मतदाता सूची में बदलाव और नाम हटाने की प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग की जवाबदेही तय करने की मांग की।
बाबूलाल मरांडी ने आंकड़ों के साथ रखा पक्ष
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने SIR को लेकर सदन में लाये गये प्रस्ताव और चर्चा की प्रक्रिया पर आपत्ति जतायी। उन्होंने मतदाता सूची के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि मतदाताओं की संख्या में कमी के पीछे मृत मतदाता, स्थायी रूप से पलायन कर चुके लोग, डुप्लीकेट नाम और पता नहीं चल पाने वाले मतदाता जैसी वजहें हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को दुरुस्त करने की प्रक्रिया को राजनीतिक नजरिये से नहीं देखना चाहिए। साथ ही उन्होंने स्थानीय भाषाओं में लोगों को जागरूक करने की जरूरत पर भी जोर दिया।
नवीन जायसवाल ने कांग्रेस पर साधा निशाना
भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने विशेष सत्र में SIR पर चर्चा को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने इसे कांग्रेस के दिल्ली स्थित रामलीला मैदान के वोट चोरी अभियान का पार्ट-2 बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग और चुनावी प्रक्रिया पर लगातार सवाल उठाकर कांग्रेस राजनीतिक भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए तथ्यों के आधार पर चर्चा करने की बात कही।
एमटी राजा ने दस्तावेजों को लेकर जतायी चिंता
विधायक एमटी राजा ने SIR के दौरान दस्तावेजों की अनिवार्यता से पैदा होने वाली समस्याओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने खासतौर पर बंगाल से आकर झारखंड में बसे परिवारों के दस्तावेजों को लेकर चिंता जतायी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों को विशेष समुदाय से जुड़े होने के आधार पर घुसपैठिया बताकर निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आशंका जतायी कि SIR की प्रक्रिया में बड़ी संख्या में लोगों के नाम मतदाता सूची से कट सकते हैं।उन्होंने सभी वैध मतदाताओं के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
सरयू राय ने विशेष सत्र के औचित्य पर उठाये सवाल
विधायक सरयू राय ने विशेष सत्र बुलाने के औचित्य पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि इस तरह का सत्र बुलाने से कुछ हासिल नहीं होगा और यह सरकारी पैसे की बर्बादी है। उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा के पास मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने का अधिकार नहीं है।सदन में उन्हीं विषयों पर चर्चा होनी चाहिए, जो विधानसभा के अधिकार क्षेत्र में आते हैं।
SIR को लेकर सदन में दिखा राजनीतिक मतभेद
विशेष सत्र के पहले दिन SIR की प्रक्रिया, मतदाताओं के अधिकार और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच अलग-अलग मत सामने आये। सरकार ने वैध मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने और प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग उठायी, जबकि भाजपा विधायकों ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण का समर्थन करते हुए कांग्रेस के अभियान पर सवाल खड़े किये। चर्चा के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग और विधानसभा के अधिकार क्षेत्र का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा।





