पटनाः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बिहार आ रहे है। वे बिहार को 3 लाख करोड़ रुपए की विकास योजनाओं की बड़ी सौगात देंगे। अपने एक दिवसीय दौरे में वे 22 से अधिक विभागों की 2500 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। पीएम मोदी शनिवार दोपहर 12.55 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे सीधे हेलीकॉप्टर से वैशाली जाएंगें। दोपहर 1.15 बजे वैशाली में गंगा नदी पर बने नीतीश सेतू का उद्घाटन करेंगे। ‘नीतीश सेतु’ लगभग 4,280 करोड़ रुपये की लागत से बना है। इसमें 9.7 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और 10 किलोमीटर लंबी एप्रोच सड़कें शामिल हैं।

प्रधानमंत्री से बिहार को आर्थिक सहायता की उम्मीद
नई सरकार के गठन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार बड़े विकास कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बिहार पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री का यह दौरा कई मायनों में अहम माना जा रहा है। एक तरफ बिहार को बुनियादी ढांचे, सड़क, ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य और शहरी विकास से जुड़ी बड़ी परियोजनाओं की सौगात मिलने जा रही है, तो दूसरी तरफ बिहार को पैकेज की उम्मीद भी है।
नीतीश सेतु का होगा उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गंगा नदी पर बने छह लेन के कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। करीब 19.7 किलोमीटर लंबा यह पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ता है। इसमें 9.7 किलोमीटर का मुख्य पुल और 10 किलोमीटर की एप्रोच रोड शामिल है। इस पुल के चालू होने से पटना और उत्तर बिहार के बीच आवागमन आसान होगा। गांधी सेतु पर वाहनों का दबाव कम करने और राघोपुर दियारा के लोगों को पटना से बेहतर कनेक्टिविटी देने में भी यह पुल महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है।

इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में बिहार को मिलेगा उपहार
प्रधानमंत्री वैशाली के राजापाकर क्षेत्र स्थित जाफरपट्टी में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां दोपहर करीब 2 बजे विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं का संबंध सड़क संपर्क, ऊर्जा, शहरी आधारभूत संरचना, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों से है। प्रधानमंत्री इस मौके पर जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
100 ई बसों को दिखाई जाएगी हरी झंडी
इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के 26,900 से अधिक लाभार्थियों के गृह प्रवेश का कार्यक्रम भी होगा। इसके अलावा बिहार में 100 पीएम-ई बसों को हरी झंडी दिखाई जाएगी।इससे शहरों में सार्वजनिक परिवहन की सुविधा को बेहतर बनाने की कोशिश होगी। औद्योगिक विकास को गति देने के लिए वैशाली के जाफरपट्टी में औद्योगिक पार्क और कॉरिडोर की आधारशिला भी रखी जाएगी।




