रांचीः चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ कमजोर पड़ने के बाद भी झारखंड के मौसम को प्रभावित कर रहा है, जिससे कई जिलों में बारिश और ठंड बढ़ गई है। शनिवार को उत्तर-पूर्वी झारखंड के आठ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रहा। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और कई इलाकों में रुक-रुककर बूंदाबांदी हुई।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को भी राज्य के कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। खासकर उत्तर-पूर्वी झारखंड के आठ जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों में गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल हैं। यहां कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. वहीं, राज्य के दूसरे हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
रांची में दिनभर बादलों का डेरा, गरज के साथ हो सकती है बारिश
राजधानी रांची में शनिवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर बारिश के साथ गरज-चमक वाली बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है। इस दौरान रांची का अधिकतम तापमान करीब 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
शुक्रवार को भी राजधानी में सुबह से ही बादलों का प्रभाव देखने को मिला। शहर के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई, जिसके कारण तापमान में गिरावट महसूस की गई। चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से पिछले दिनों झारखंड के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में भी बारिश दर्ज की गई थी। अब इसका असर उत्तर-पूर्वी जिलों की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। संताल परगना के जिलों में भी शनिवार को बारिश की संभावना बनी हुई है।
23 नवंबर से साफ होगा आसमान
मौसम विभाग के अनुसार, 22 नवंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि, इस दिन भारी बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। वहीं, 23 नवंबर से मौसम में बदलाव आने और आसमान साफ होने के आसार हैं। इसके साथ ही बारिश की गतिविधियों में भी कमी देखने को मिल सकती है। बारिश के चलते दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है, जबकि सुबह और शाम के समय ठंड का असर बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने 24 और 25 नवंबर की सुबह रांची समेत राज्य के कई इलाकों में हल्के से मध्यम कोहरे का अनुमान भी जताया है।




